Aapka Rajasthan

कर्नाटक: तुमकुरु में कार की टक्कर से दो युवतियों की मौत, कई अन्य घायल

तुमकुरु, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के तुमकुरु जिले के सिरा तालुक के तवारेकेरे गांव के पास सोमवार तड़के दो कारों की टक्कर में दो युवतियों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।
 

तुमकुरु, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के तुमकुरु जिले के सिरा तालुक के तवारेकेरे गांव के पास सोमवार तड़के दो कारों की टक्कर में दो युवतियों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।

मृतकों की पहचान निसर्गा (20) और रूपा (21) के रूप में हुई है। वे उत्तरी कर्नाटक के विजयपुरा से एक जॉब इंटरव्यू के लिए बेंगलुरु जा रही थीं। दोनों ने बैचलर ऑफ फार्मेसी की डिग्री पूरी कर ली थी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 5 बजे तवारेकेरे पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ। शुरुआती जांच से पता चला है कि युवतियों वाली कार का ड्राइवर, पवन, गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि कार हवा में उछलकर सड़क पर गिरी और फिर सामने से आ रही एक दूसरी कार से टकरा गई।

पहली कार में ड्राइवर पवन समेत चार लोग सवार थे। इस हादसे में पवन और एक अन्य युवती को गंभीर चोटें आईं। दूसरी कार में भी चार लोग सवार थे, और वे सभी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए तुमकुरु के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

बता दें कि 25 अक्टूबर को मंगलुरु जिले के सुलिया के पास, मणि-मैसूर नेशनल हाईवे पर गूनडका में एक कार के ट्रक से टकरा जाने से उसमें सवार लगभग 13 साल के एक लड़के की मौत हो गई थी। कार में सवार चार अन्य लोग भी घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए सुलिया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

वहीं, 16 अक्टूबर को दावणगेरे जिले में नेशनल हाईवे 48 पर अनागोडु के पास, एक 16 वर्ष का लड़का कार चला रहा था, जिसमें उसके दो नाबालिग दोस्त भी सवार थे। कार एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकराई थी, जिससे ड्राइवर की मौत हो गई और उसके साथ बैठे दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। 18 अक्टूबर को, 10वीं कक्षा का छात्र हेमंत की जान उस समय चली गई, जब एक तेज रफ्तार कार 'वन-वे' सड़क पर आ गई और उस मोटरसाइकिल से टकरा गई।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम