Aapka Rajasthan

आंध्र प्रदेश : नल्लामल्ला जंगल में बाघ की मौत के मामले में दो संदिग्ध गिरफ्तार

अमरावती, 4 अगस्त (आईएएनएस)। नल्लामल्ला जंगल में संदिग्ध हालात में हुई बाघ की मौत के मामले में आंध्र प्रदेश वन विभाग ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
 

अमरावती, 4 अगस्त (आईएएनएस)। नल्लामल्ला जंगल में संदिग्ध हालात में हुई बाघ की मौत के मामले में आंध्र प्रदेश वन विभाग ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गुंटूर जिले के मेडिकुंडुर से अंजी और विरंजनेयुलु को गिरफ्तार किया गया और पूछताछ के लिए मार्कापुरम जिले के गिद्दलुर ले जाया गया।

उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण के आदेश के बाद वन विभाग ने इस मामले की जांच तेज कर दी है।

मार्कापुरम जिले के नागार्जुनसागर-श्रीशैलम टाइगर रिजर्व (एनएसटीआर) के राचेरला वन क्षेत्र की गुंडलाकम्मा रेंज में टेट्टू मदुगु के पास 31 जुलाई को एक वयस्क बाघ का शव मिला था।

वन अधिकारी इस बात की जांच कर रहे थे कि क्या बाघ का शिकार किया गया था, दूषित चारा खाने से उसकी मौत हुई या किसी अन्य कारण से।

जांचकर्ताओं को शक है कि शव मिलने से 35 से 40 दिन पहले ही बाघ की मौत हो गई होगी। बाघ के पंजे और पैर गायब थे, जिससे शक पैदा हुआ कि अवैध व्यापार के लिए उसके पंजे निकाल लिए गए थे।

बाघ के अवशेषों को फोरेंसिक और पोस्टमार्टम जांच के लिए हैदराबाद स्थित सेंटर फॉर सेलुलर एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी (सीसीएमबी) और बरेली स्थित इंडियन वेटरनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट (आईवीआरआई) भेजा गया है। जांचकर्ता मौत का कारण पता लगाने के लिए फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री और पर्यावरण एवं वन मंत्री पवन कल्याण ने 1 अगस्त को नागार्जुनसागर-श्रीशैलम टाइगर रिजर्व में बाघ की मौत की जांच के आदेश दिए थे।

उन्होंने कहा था कि नागार्जुनसागर-श्रीशैलम टाइगर रिजर्व (एनएसटीआर) के गिद्दलुरु डिवीजन के राचरला बीट में बाघ की मौत की घटना उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए बाघों का संरक्षण बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा, "एक भी बाघ की जान जाना गंभीर चिंता का विषय है। यह घटना हमारे जंगलों और वन्यजीवों की रक्षा करने की हमारी जिम्मेदारी की एक और याद दिलाती है।"

पवन कल्याण ने कहा कि उन्होंने एनएसटीआर फील्ड डायरेक्टर को इस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए व्यापक और पारदर्शी जांच करने का निर्देश दिया है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम