Aapka Rajasthan

कैलिफोर्निया में जंगल की आग बुझाने में क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर, दो पायलटों की मौत

सैक्रामेंटो, 22 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के कैलिफोर्निया में योसेमाइट नेशनल पार्क में लगी 'डोम फायर' (जंगल की आग) को बुझाने में मदद कर रहा एक कॉन्ट्रैक्ट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो पायलटों की मौत हो गई। अलास्का डिवीजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन ने सोमवार को यह जानकारी दी।
 

सैक्रामेंटो, 22 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के कैलिफोर्निया में योसेमाइट नेशनल पार्क में लगी 'डोम फायर' (जंगल की आग) को बुझाने में मदद कर रहा एक कॉन्ट्रैक्ट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो पायलटों की मौत हो गई। अलास्का डिवीजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन ने सोमवार को यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी स‍िन्हुआ के मुताबिक, एजेंसी ने बताया कि हादसा रविवार को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब 2:55 बजे कैलिफोर्निया के मैरिपोसा काउंटी में हुआ। हेलीकॉप्टर में दो लोग सवार थे। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड हादसे की जांच कर रहे हैं।

'डोम फायर' से निपटने की जिम्मेदारी संभाल रही कैलिफोर्निया कॉम्प्लेक्स इंसिडेंट मैनेजमेंट टीम 3 के प्रवक्ता के मुताबिक, हेलीकॉप्टर से आग पर पानी डालने के काम किया जा रहा था। हादसे के समय पानी से भरी बाल्टी की मदद से आग पर पानी गिराया जा रहा था। इसी दौरान हेलीकॉप्टर योसेमाइट में लेक ऑस्ट्रैंडर के दक्षिण-पूर्व में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

अलास्का डिवीजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन ने मारे गए पायलटों में से एक की पहचान ग्रेग किंग के रूप में की। एजेंसी ने उन्हें अपने काम के प्रति समर्पित पायलट और हममें से कई लोगों का बेहद करीबी दोस्त बताया। दूसरे पायलट की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। एजेंसी ने कहा कि उनके परिवार को जानकारी दिए जाने के बाद ही उनका नाम जारी किया जाएगा।

नेशनल पार्क सर्विस ने सोमवार को बताया कि 'डोम फायर' पर अब तक 15 प्रतिशत काबू पा लिया गया है। इस आग की पहली सूचना 15 सितंबर को वावोना इलाके में चिलनुआलना फॉल्स के पास मिली थी। आग की वजह से कुछ ट्रेल और दूरदराज के जंगली इलाकों को बंद कर दिया गया है। हालांकि, योसेमाइट नेशनल पार्क खुला हुआ है।

इससे पहले इसी महीने अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक अमेजन कार्गो विमान रनवे से आगे निकलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई थी और पांच अन्य घायल हुए थे। मियामी-डेड काउंटी की मेयर डेनिएला लेविन कावा के मुताबिक, पांच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना के वीडियो में विमान से घना धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया था। मियामी-डेड फायर रेस्क्यू ने 'एक्‍स' पर बताया था कि हादसे के बाद 60 से ज्यादा यूनिट और करीब 200 दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे थे।

एजेंसी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान बोइंग 767-300 कार्गो विमान था। उसने प्यूर्टो रिको के सैन जुआन स्थित लुइस मुनोज मारिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। अधिकारियों ने कहा था कि हादसे की जांच की जाएगी।

--आईएएनएस

एवाई/एएस