Aapka Rajasthan

बाब-अल-मंदेब स्‍ट्रेट के पास मालवाहक जहाज डूबा, दो भारतीय नाविक बचाए गए, एक अब भी लापता

नैरोबी, 18 नवंबर (आईएएनएस)। नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग ने बुधवार को बताया कि बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट के पास मालवाहक जहाज 'अल-फतेह' के डूबने के बाद दो भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है।
 

नैरोबी, 18 नवंबर (आईएएनएस)। नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग ने बुधवार को बताया कि‍ बाब-अल-मंदेब स्‍ट्रेट के पास मालवाहक जहाज 'अल-फतेह' के डूबने के बाद दो भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है।

भारतीय मिशन ने बताया कि वह संबंधित अधिकारियों और अन्य पक्षों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि बचाए गए दोनों नाविकों की सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित की जा सके और लापता नाविक की तलाश में चल रहे प्रयासों में पूरा सहयोग दिया जा सके।

सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किए गए अपने बयान में भारतीय उच्चायोग ने कहा, "नैरोबी में भारतीय उच्चायोग मालवाहक जहाज अल-फतह से बचाए गए दो भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए हर संभव मदद कर रहा है। यह जहाज बाब-अल-मंदेब स्‍ट्रेट के पास डूब गया था। एक तीसरा भारतीय नाविक अभी भी लापता है और उसकी तलाश जारी है।"

उच्चायोग ने कहा, "हम संबंधित अधिकारियों, शिपिंग एजेंट और बचाए गए नाविकों के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि उनकी वापसी की प्रक्रिया पूरी की जा सके और लापता भारतीय चालक दल के सदस्य का पता लगाने के प्रयासों में सहायता मिल सके।"

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब एक दिन पहले ही भारत ने होर्मुज स्‍ट्रेट में पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर 'एमटी तारा गैस' पर हुए हमले की कड़ी निंदा की थी।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को बताया था कि जहाज पर मौजूद 24 भारतीय नागरिकों में से 21 को सुरक्षित निकालकर ओमान के खासाब तट पर पहुंचा दिया गया है। वहीं, दो घायल भारतीय चालक दल के सदस्यों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक भारतीय लापता है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम 16 नवंबर को होर्मुज स्‍ट्रेट में पनामा-ध्वज वाले एलपीजी टैंकर 'एमटी तारा गैस' पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर सवार 24 भारतीय नागरिकों में से 21 को सुरक्षित किनारे पर पहुंचा दिया गया है। दो घायल भारतीय नागरिक अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि एक भारतीय नागरिक अब भी लापता है।"

मंत्रालय के अनुसार, ओमान में भारतीय दूतावास वहां के अधिकारियों के साथ मिलकर खोज और बचाव अभियान पर लगातार नजर रखे हुए है। विदेश मंत्रालय ने ओमान सरकार की सराहना करते हुए कहा कि बचाव अभियान में समय पर सहायता और सहयोग के लिए भारत उनका आभारी है।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम