'इस बार केक कटिंग मिस कर दी', पिता जीतेन्द्र के जन्मदिन पर भावुक हुए तुषार कपूर
मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड में पारिवारिक रिश्तों की झलक अक्सर खास मौकों पर देखने को मिलती है। ऐसा ही एक खूबसूरत पल देखने को मिला जब अभिनेता तुषार कपूर ने अपने पिता और दिग्गज अभिनेता जीतेन्द्र के जन्मदिन पर एक प्यारा सा वीडियो साझा किया। इस बार काम में बिजी होने के कारण वे पिता के जन्मदिन के जश्न में शामिल नहीं हो सके लेकिन उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए एक पुराना वीडियो जारी किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया।
तुषार कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो साझा किया, वह पिछले साल के जन्मदिन का है। इस वीडियो में जीतेन्द्र अपने परिवार के साथ केक काटते नजर आ रहे हैं। बड़ा चॉकलेट केक, आसपास मौजूद परिवार के सदस्य और खुशी का माहौल इस वीडियो को बेहद खास बनाता है। वीडियो में जीतेंद्र का पोता भी दिखाई दे रहा है। इस दौरान मोहम्मद रफी का 1967 की फिल्म 'फर्ज' का गाना 'बार बार दिन ये आए' भी बज रहा है।
इस वीडियो के साथ तुषार कपूर ने कैप्शन के जरिए बताया कि इस बार काम की वजह से वे पिता के साथ जन्मदिन का जश्न नहीं मना पाए, इसलिए उन्होंने पिछले साल का यह छोटा सा पल साझा किया।
उन्होंने लिखा, "मेरे काम के शेड्यूल की वजह से इस बार मैंने केक कटिंग मिस कर दी। मैं पापा की बर्थडे पार्टी में शामिल नहीं हो पाया, इसलिए पिछले साल के जन्मदिन का एक छोटा सा पल शेयर कर रहा हूं। उनका अंदाज काफी अलग और अनोखा है। मेरी तरफ से आपको ढेर सारी शुभकामनाएं।"
अगर जीतेन्द्र की बात करें, तो वे हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और सफल कलाकारों में से एक रहे हैं। उन्हें डांस के स्टाइल की वजह से 'जंपिंग जैक' के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने अपने करियर में 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और कई सुपरहिट फिल्में दीं। उनकी फिल्में और गाने आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं।
जीतेन्द्र ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 60 के दशक में की थी और जल्द ही वे बड़े सितारे बन गए। उनकी फिल्म 'फर्ज' ने उन्हें खास पहचान दिलाई, और इसके बाद उन्होंने लगातार कई सफल फिल्मों में काम किया।
--आईएएनएस
पीके/पीएम
