गणेश चतुर्थी पर तुषार कपूर ने साझा की खुशी, बोले- ‘ऐसा लग रहा जैसे बप्पा जल्दी आ गए’
मुंबई, 14 सितंबर (आईएएनएस)। पूरे मुंबई में गणेशात्सव की धूम है। एक्टर तुषार कपूर ने कहा कि 52वें गणपति उत्सव के लिए उनका परिवार भगवान गणेश का स्वागत करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा था।
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि यह त्योहार उनके परिवार की परंपरा में गहराई से जुड़ा है और बप्पा के आने से सभी खुश हैं। परिवार इस साल भगवान गणेश का स्वागत करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा था।
उन्होंने कहा, "मैं कहूंगा कि यह हमारे परिवार के लिए गणपति उत्सव का 52वां जश्न है। हमने बप्पा के लिए बहुत प्रार्थना की, इसलिए ऐसा लग रहा है कि बप्पा जल्दी आ गए। उन्होंने इस साल हम सभी को बहुत व्यस्त रखा।"
एक्टर ने कहा कि यह त्योहार साथ रहने और पॉजिटिविटी का एहसास कराता है, और बप्पा के आने से परिवार के लिए यह मौका और भी शुभ हो गया है। मुझे लगता है कि दुनिया की बाकी अर्थव्यवस्थाएं भारत जितनी अच्छी नहीं चल रही हैं। सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बप्पा की ही देन है। बप्पा की वजह से हम व्यस्त रहे और ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वह हमसे लंबे समय तक दूर रहे।"
उन्होंने आगे बताया कि कैसे पिछले कुछ सालों में गणपति उत्सव का दायरा बढ़ा है और अब ज्यादा लोग इस त्योहार को मना रहे हैं। उन्होंने उत्सव के दौरान शहर में बेहतर सिविक मैनेजमेंट की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "आजकल बहुत से लोग त्योहार मनाते हैं। पहले से कहीं ज्यादा। लेकिन, शहर का सिविक मैनेजमेंट भी बहुत व्यवस्थित है, चाहे वह साउंड हो, ट्रैफिक हो या साफ-सफाई।"
तुषार ने कहा, "मैं कहूंगा कि भारत चमक रहा है और बप्पा हमें चमकने में मदद कर रहे हैं।"
तुषार कपूर ने मुंबई में अपने परिवार के साथ गणेश चतुर्थी मनाई। उन्होंने इंस्टाग्राम पर गणपति उत्सव की झलकियां भी शेयर कीं और अपने फॉलोअर्स को त्योहार की बधाई देते हुए लिखा, "हमेशा की तरह सौभाग्य और समझदारी बनी रहे! गणपति बप्पा मोरया!"
कई सेलिब्रिटीज ने सोशल मीडिया पर गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर बधाई दी। इनमें बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर भी शामिल रहीं, जिन्होंने अपने बेटे जेह अली खान द्वारा बनाई गई भगवान गणेश की हाथ से बनी मिट्टी की मूर्ति की झलकियां शेयर कीं।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम
