जॉइंट बेस एंड्रयूज पर दिखी अमेरिका-चीन कूटनीति की झलक, ट्रंप ने शी जिनपिंग का किया भव्य स्वागत
वॉशिंगटन, 24 सितंबर (आईएएनएस)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन बुधवार शाम स्थानीय समय के मुताबिक 6:01 बजे अपने तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे अमेरिका पहुंचे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने जॉइंट बेस एंड्रयूज पर रेड कार्पेट, तोपों की सलामी और बॉम्बर विमानों के फ्लाईपास्ट के साथ शी जिनपिंग का स्वागत किया।
चीनी राष्ट्रपति के अमेरिका पहुंचने के साथ ही उनके आधिकारिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई। इनमें व्हाइट हाउस में औपचारिक स्वागत, स्टेट डिनर और नेशनल आर्काइव्स का संयुक्त दौरा शामिल है।
शी जिनपिंग को लेकर आया एयर चाइना विमान जब मीडिया के लिए बनाए गए मंच के सामने पहुंचा तो कर्मचारियों ने करीब 100 फुट लंबा रेड कार्पेट बिछाया। रेड कार्पेट के आखिर में ट्रंप और शी जिनपिंग साथ-साथ खड़े हुए। उनके दोनों तरफ अमेरिका और चीन के झंडे लगे थे। अमेरिकी वायुसेना के बैंड ने राष्ट्रगान बजाया और इस दौरान तोपों से सलामी दी गई। इसके बाद दो बी-1 बॉम्बर विमानों ने ऊपर से उड़ान भरी।
शी जिनपिंग के काले रंग की कार में बैठने तक ट्रंप वहीं इंतजार करते रहे। इसके बाद ट्रंप अपनी लिमोजिन में बैठे, जिसे 'द बीस्ट' के नाम से जाना जाता है।
गुरुवार सुबह औपचारिक स्टेट अराइवल सेरेमनी में अमेरिकी सशस्त्र सेनाओं की सभी शाखाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले करीब 479 सैन्यकर्मी हिस्सा लेंगे।
यह कार्यक्रम व्हाइट हाउस के साउथ लॉन, स्टेट फ्लोर और रोज गार्डन तक फैला होगा। साउथ ड्राइव पर सैन्य सम्मान के लिए जवान मौजूद रहेंगे। दोनों राष्ट्रपति के पहुंचने पर अमेरिकी सेना के ट्रंपेट बजाने वाले सैनिक उनका स्वागत करेंगे।
यूएस मरीन बैंड स्टेट फ्लोर पर चीन और अमेरिका के राष्ट्रगान बजाएगा। इसके बाद ट्रंप और शी जिनपिंग के संबोधन का कार्यक्रम है। समारोह में राष्ट्रपति को दी जाने वाली सलामी, सैन्य परेड और सैन्य बैंड और ड्रिल यूनिट के कार्यक्रम भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के आखिर में एक बी-2 स्पिरिट बॉम्बर और चार एफ-22 रैप्टर लड़ाकू विमान फ्लाईपास्ट करेंगे।
बाद में मेलानिया ट्रंप और पेंग लियुआन स्मिथसोनियन नेशनल म्यूजियम ऑफ एशियन आर्ट जाएंगी। वहां वे ऐसी कलाकृतियां देखेंगी, जो सदियों से अमेरिका और चीन के बीच कला और संस्कृति के आदान-प्रदान को दिखाती हैं। गुरुवार शाम व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में स्टेट डिनर रखा गया है।
शुक्रवार को दोनों राष्ट्रपति अपनी पत्नियों के साथ पहले व्हाइट हाउस के रेड रूम में चाय पर मिलेंगे। इसके बाद वे नेशनल आर्काइव्स जाएंगे, जहां अमेरिका-चीन संबंधों के इतिहास से जुड़े दस्तावेज देखेंगे। वहीं शी जिनपिंग के लिए विदाई कार्यक्रम भी रखा गया है।
ट्रंप इससे पहले अपने पहले राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान अप्रैल 2017 में शी जिनपिंग की मेजबानी फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो एस्टेट में कर चुके हैं। उसी साल ट्रंप चीन की राजधानी बीजिंग भी गए थे। उस दौरान दोनों नेताओं ने बातचीत की थी और फॉरबिडन सिटी का दौरा भी किया था।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी
