Aapka Rajasthan

ईरान के खिलाफ अगला कदम बताने से ट्रंप का इनकार, बोले- संघर्ष ज्यादा समय तक नहीं चलेगा

वॉशिंगटन, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर उनका अगला कदम क्या होगा, यह बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने दावा किया कि संघर्ष ज्यादा समय तक नहीं चलेगा।
 

वॉशिंगटन, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर उनका अगला कदम क्या होगा, यह बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने दावा किया कि संघर्ष ज्यादा समय तक नहीं चलेगा।

ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही। इसके बाद वह मरीन वन हेलीकॉप्टर से रवाना हुए।

जब ट्रंप से पूछा गया कि ईरान को लेकर उनका अगला कदम क्या होगा, तो ट्रंप ने कहा, "अगर मैं आपको बता दूं, तो आपके पास बहुत बड़ी खबर होगी, है ना? लेकिन आपको जल्द पता चल जाएगा। चीजें बहुत अच्छे तरीके से आगे बढ़ रही हैं। ईरान की हालत अच्छी नहीं है।"

हालांकि, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि उनका प्रशासन किस तरह की कार्रवाई पर विचार कर रहा है और इसके लिए कोई समयसीमा तय की गई है या नहीं।

बाद में पत्रकारों के साथ इसी बातचीत में ट्रंप ने दुनिया में ऊर्जा की सप्लाई और यूरोप से बाजार में ज्यादा डीजल उपलब्ध कराने की अपनी कोशिशों पर बात करते हुए फिर ईरान का जिक्र किया। ट्रंप ने अनुमान जताया कि ईरान से जुड़े हालात खत्म होने के बाद तेल की कीमतें फिर पुराने स्तर पर आ जाएंगी।

उन्होंने कहा, "बहुत जल्द हमारे पास काफी तेल होगा। जैसे ही ईरान का मामला खत्म होगा, और इसमें ज्यादा समय नहीं लगेगा।"

ट्रंप ने कहा, "ज्यादा समय नहीं लगेगा और तेल की कीमत फिर उस स्तर पर आ जाएगी जहां पहले थी। हो सकता है कि मेरे कार्यकाल की शुरुआत में जो कीमत थी, उससे भी नीचे चली जाए।"

ट्रंप की ये टिप्पणियां तब आईं, जब पत्रकार उनसे डीजल की उपलब्धता और अमेरिका से डीजल के निर्यात पर संभावित रोक को लेकर सवाल पूछ रहे थे। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने यूरोप से दुनिया के बाजार में और ज्यादा डीजल उपलब्ध कराने को कहा है।

उन्होंने कहा, "यूरोप के पास काफी डीजल है और वे दुनिया के लिए इसमें बड़ा योगदान देने वाले हैं। हम भी ऐसा करेंगे। हम एक्सपोर्ट पर प्रतिबंध नहीं लगाने जा रहे हैं। हम वही करेंगे जो हमें करना चाहिए।"

बाद में ट्रंप ने साफ किया कि अमेरिका से डीजल के निर्यात पर रोक लगाना कभी भी कोई गंभीर विकल्प नहीं था।

उन्होंने कहा, "नहीं, हम ऐसा कभी करने वाले नहीं थे। मुझे नहीं लगता कि हमने कभी ऐसा करने की योजना बनाई थी। लेकिन यूरोप ने बहुत अच्छा काम किया, क्योंकि वे बाजार में काफी डीजल उपलब्ध करा रहे हैं। उनके पास डीजल है।"

ट्रंप के मुताबिक, यूरोप दुनिया के दूसरे क्षेत्रों के मुकाबले डीजल का ज्यादा इस्तेमाल करता है और इसी वजह वह बाजार में अतिरिक्त ईंधन उपलब्ध कराने की स्थिति में है। उन्होंने कहा क‍ि वे ज्यादातर जगहों के मुकाबले काफी ज्यादा डीजल इस्तेमाल करते हैं और उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और यूरोप के रिश्ते अच्छे हैं और यूरोपीय देशों ने बाजार में ज्यादा डीजल उपलब्ध कराने की उनकी अपील पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने कहा क‍ि यूरोप के साथ हमारे बहुत अच्छे रिश्ते हैं। वे ऐसा करना चाहते थे, क्योंकि उनके पास काफी डीजल है। मैंने उनसे कहा, 'अगर आप इसे बाजार में उपलब्ध कराएं तो बहुत अच्छा होगा।'

--आईएएनएस

एवाई/एएस