Aapka Rajasthan

ट्रंप ने ईरान को प्रतिबंधों में राहत देने की रिपोर्ट का किया खंडन

न्यूयॉर्क, 29 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया है, जिसमें कहा गया था कि उनके प्रशासन ने ईरान को परमाणु रियायतों के बदले प्रतिबंधों में ढील और फ्रीज किए गए फंड तक पहुंच की पेशकश की थी।
 

न्यूयॉर्क, 29 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया है, जिसमें कहा गया था कि उनके प्रशासन ने ईरान को परमाणु रियायतों के बदले प्रतिबंधों में ढील और फ्रीज किए गए फंड तक पहुंच की पेशकश की थी।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, "एक्सियोस ने अभी एक खबर जारी की है कि 'ट्रंप' ने ईरान को प्रतिबंधों से राहत और फ्रीज किए गए फंड देने की पेशकश की। यह सच नहीं है। मैंने उन्हें कुछ भी ऑफर नहीं किया! एक्सियोस की खबर, अधिकतर दूसरी खबरों की तरह, एक झूठ है।"

ट्रंप ने मांग की है कि एक्सियोस "तुरंत" इस खबर को वापस ले।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सियोस की यह खबर तब आई जब ट्रंप ने सप्ताहांत में ईरान के युद्धविराम समझौते के प्रस्ताव को ठुकरा दिया।

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के शांति समझौते के प्रस्ताव में मांग की गई है कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य के बाकी हिस्से को फिर से खोलता है और अपने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत फिर से शुरू करता है, तो अमेरिका को होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी बंदरगाहों पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाना होगा।

ट्रंप के शांति प्रस्ताव को ठुकराने के जवाब में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को कहा कि कूटनीति और युद्ध जारी रखने में से किसी एक को चुनना "राष्ट्रपति ट्रंप पर निर्भर है"।

अराघची ने कहा, "हम युद्ध फिर से शुरू होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हम किसी भी नए हमले का डटकर सामना करने के लिए तैयार हैं, भले ही बात 'कयामत वाले युद्ध' तक ही क्यों न पहुंच जाए।"

अराघची ने कहा कि अगर अमेरिका संघर्ष खत्म कर दे, अपनी नाकेबंदी हटा ले, ईरान की संपत्ति जारी कर दे और देश को तेल बेचने की इजाजत दे दे, तो तेहरान अहम शिपिंग रूट (जलमार्ग) खोल देगा।

अराघची ने रविवार को एनबीसी के कार्यक्रम "मीट द प्रेस" में कहा, "हमारा प्रस्ताव बहुत साफ है। अगर अमेरिका कुछ खास कदम उठाए, तो हम जलडमरूमध्य खोलने के लिए तैयार हैं।"

उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि हमारा पैसा और हमारी संपत्ति, जिसे गैर-कानूनी तरीके से फ्रीज किया गया है, उसे जारी किया जाए। हम चाहते हैं कि हम अपना तेल बेच सकें।"

अराघची ने कहा कि ईरान जिन कदमों की मांग कर रहा है, उन्हें चार या पांच दिनों में पूरा किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, "अगर वे चाहें, अगर वे होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के समझौते को लेकर गंभीर हैं, तो अब इसकी संभावना है। हमने यह सात-दिन का प्लान पेश किया है।"

उन्होंने कहा कि छठे दिन जलडमरूमध्य फिर से खुल जाएगा और अगले दिन एक बड़े समझौते पर बातचीत शुरू हो जाएगी।

--आईएएनएस

ओपी/एएस