तेलंगाना में ग्रेजुएट एमएलसी सीट के लिए टीआरएस ने डॉ. नलमास श्रीकांत गौड़ को बनाया उम्मीदवार
हैदराबाद, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलंगाना रक्षा सेना (टीआरएस) ने वारंगल-खम्मम-नलगोंडा ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. नलमास श्रीकांत गौड़ को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी अध्यक्ष कल्वाकुंतला कविता ने मंगलवार को अगले साल की शुरुआत में होने वाले दो ग्रेजुएट एमएलसी सीटों में से एक के लिए उनके नाम को अंतिम रूप दिया।
कविता ने वरिष्ठ नेता सैयद इस्माइल को समन्वय के लिए पार्टी का राज्य पर्यवेक्षक भी नियुक्त किया है। इस साल अप्रैल में कविता द्वारा गठित टीआरएस पहली बार चुनावी मैदान में उतरने जा रही है। पिछले साल कविता ने अपने पिता और तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से निलंबित किए जाने के बाद पार्टी छोड़ दी थी।
आगामी द्विवार्षिक चुनावों के लिए उम्मीदवार घोषित करने वाली टीआरएस दूसरी पार्टी है। तेलंगाना विधान परिषद की दो ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर चुनाव होने हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। कांग्रेस ने महबूबनगर-रंगारेड्डी-हैदराबाद निर्वाचन क्षेत्र से समा राममोहन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि वारंगल-खम्मम-नलगोंडा निर्वाचन क्षेत्र से रामरेड्डी सर्वोत्तम रेड्डी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।
बीआरएस और भाजपा ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं। भाजपा ने पिछले सप्ताह दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए तीन-तीन नामों को शॉर्टलिस्ट करने के उद्देश्य से विचार-विमर्श शुरू किया था। इसके बाद सूची उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी।
दोनों ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया फिलहाल जारी है। इसकी शुरुआत मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 31(3) के तहत सार्वजनिक सूचना जारी होने के साथ हुई। मतदाता सूचियां एक नवंबर 2026 की अर्हक तिथि के आधार पर नए सिरे से तैयार की जाएंगी। पहले से मतदाता के रूप में पंजीकृत लोगों को भी नए सिरे से पंजीकरण कराना होगा।
भारत निर्वाचन आयोग ने घोषणा की है कि मार्च 2027 में दो सीटें रिक्त होने वाली हैं। इन रिक्तियों को द्विवार्षिक चुनाव कराकर भरा जाना है। निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूचियों का मसौदा 25 नवंबर 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 30 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
--आईएएनएस
डीएससी
