पश्चिम बंगाल: बुद्धदेव भट्टाचार्य की तारीफ पर कल्याण बनर्जी का सीएम सुवेंदु अधिकारी पर तीखा हमला
कोलकाता, 15 नवंबर (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी पर तीखा हमला बोला। यह हमला सीएम सुवेंदु अधिकारी के उस हालिया बयान को लेकर किया गया, जिसमें उन्होंने वामपंथी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की तारीफ की थी।
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने पिछले हफ्ते पूर्वी मेदिनीपुर जिले के गोकुलनगर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम भट्टाचार्य को "गलत पार्टी में एक अच्छा इंसान" बताया और यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भट्टाचार्य अपने निजी जीवन में बहुत ईमानदार थे।
उन्होंने कहा, "वह एक बहुत अच्छे इंसान थे लेकिन जिस पार्टी से वह जुड़े थे, वह खराब है।" सीएम सुवेंदु अधिकारी ने यह भी बताया कि भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य के साथ उनके संबंध कितने अच्छे हैं। सीएम अधिकारी ने कहा, "कुछ दिन पहले वह बीमार पड़ गई थीं, तो मैं उनसे मिलने गया था।"
गौरतलब है कि मीरा भट्टाचार्य ने पहले भी सीएम सुवेंदु अधिकारी के औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के प्रयासों की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें विश्वास है कि सीएम सुवेंदु राज्य के लिए उनके दिवंगत पति के अधूरे औद्योगिक विकास लक्ष्यों को पूरा कर सकते हैं।
हालांकि, रविवार को तृणमूल कांग्रेस के एक प्रमुख नेता कल्याण बनर्जी ने सीएम अधिकारी पर कड़ा प्रहार किया। कल्याण बनर्जी पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के गुट से जुड़े हैं। उन्होंने भट्टाचार्य की तारीफ करने के लिए सीएम सुवेंदु की आलोचना की और पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य पर भी बेहद तीखे शब्दों में हमला बोला।
कल्याण बनर्जी ने मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा, “पूर्व सीएम भट्टाचार्य अब सीएम सुवेंदु अधिकारी के दिल के बहुत करीब हैं। जब भट्टाचार्य राज्य के मुखिया थे, तब सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सभी हमलों में वे ही मुख्य नेता थे। लोग भट्टाचार्य के बारे में चाहे जो भी कहें, सच तो यह है कि आम लोगों पर हुए ज्यादातर अत्याचार उनके कार्यकाल में ही हुए थे। भट्टाचार्य के शासनकाल में हुई सामूहिक हत्याओं की घटनाओं को हम कैसे भूल सकते हैं? वे सीपीआई (एम) के सभी हत्यारों के नायक थे। भले ही अब उनका निधन हो गया है लेकिन इन सभी तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए। यह अलग बात है कि वे अपने निजी जीवन में ईमानदार थे लेकिन मानसिक रूप से वे पूरी तरह से बेईमान थे।”
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने जो कुछ भी कहा, वह उनका अपना निजी विचार था, न कि उनकी पार्टी का।
सीपीआई (एम) नेता शतरूप घोष ने कल्याण बनर्जी की टिप्पणियों को “शराब के नशे में बड़बड़ाना” करार दिया और कहा कि ऐसे बयानों को कोई अहमियत देने की जरूरत नहीं है।
--आईएएनएस
एएसएच/पीएम
