Aapka Rajasthan

पश्चिम बंगाल के जगतदल में बवाल, तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ता भिड़े, सीएपीएफ जवान समेत कई घायल

कोलकाता, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर 24 परगना के जगतदल में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई है। इसमें एक सीएपीएफ जवान समेत कई लोग चोटिल हो गए। अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है।
 
पश्चिम बंगाल के जगतदल में बवाल, तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ता भिड़े, सीएपीएफ जवान समेत कई घायल

कोलकाता, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर 24 परगना के जगतदल में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई है। इसमें एक सीएपीएफ जवान समेत कई लोग चोटिल हो गए। अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार रात को हुई, जिसमें पत्थरबाजी, गोलीबारी और देसी बमों का इस्तेमाल किया गया। इस हिंसा में कम से कम तीन लोग घायल हो गए, जबकि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के एक जवान के पैर में गोली लग गई। अधिकारियों के अनुसार, यह झड़प एक पुलिस थाने के पास हुई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि जलेबी मठ मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए लगाए गए पोस्टर और झंडे हटा दिए गए थे। जब कार्यकर्ता शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने पहुंचे, तो तृणमूल के समर्थक भी वहां जमा हो गए। इससे दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसा में बदल गई।

घटनास्थल से सामने आए दृश्यों में देर रात अफरा-तफरी का माहौल दिखा। बड़ी संख्या में लोग एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे और नारेबाजीकर रहे थे, जबकि हेलमेट पहने पुलिस और सुरक्षाकर्मी स्थिति को काबू करने की कोशिश कर रहे थे। झड़प के बाद वहां क्षतिग्रस्त वाहन और बिखरा हुआ मलबा भी दिखाई दिया।

जगतदल से भाजपा उम्मीदवार राजेश सिंह ने देर रात स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। भाजपा नेताओं ने बताया कि जब स्थिति हिंसक हुई, तब राजेश सिंह और नोआपारा से उम्मीदवार अर्जुन सिंह पुलिस थाने में ही मौजूद थे।

दूसरी ओर, भाटपारा से तृणमूल उम्मीदवार अमित गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थकों पर हमला किया, पार्टी के झंडे फाड़ दिए और पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की। अमित गुप्ता ने कहा, "बिट्टू, जो हमारा एक कार्यकर्ता है, बैनर और झंडे लगा रहा था। हमारा वहां एक पार्टी दफ्तर भी है। हमारे लोगों के साथ मारपीट की गई। हमारे झंडे फाड़ दिए गए, हमारे पार्टी दफ्तर को तोड़ दिया गया। तब हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जब हम यहां आए, तो उसी समय अर्जुन सिंह अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ आए और पुलिस की मौजूदगी में, स्टेशन के अंदर ही हम पर हमला कर दिया।"

वहीं, भाटपारा से भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह ने एक नुक्कड़ सभा में बाधा डालने और अशांति फैलाने के लिए तृणमूल कांग्रेस को दोषी ठहराया।

पवन सिंह ने कहा, "हम एक नुक्कड़ सभा कर रहे थे। तभी टीएमसी के लोग वहां आ गए। वार्ड-17 के पार्षद मनोज पांडे भी वहां पहुंचे। वह अपने साथ कुछ लड़कों को लेकर आए और वहां हंगामा मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद हम आईसी (प्रभारी निरीक्षक) के पास गए और शिकायत दर्ज कराई।"

उन्होंने आगे कहा, "इन्हीं लोगों ने तब हंगामा करने की कोशिश की, जब हम यहां पीएम मोदी के पोस्टर लगा रहे थे। जब हम पुलिस स्टेशन गए, तो समस्या सुलझ गई। लेकिन, जब हम घर लौटे, तो उन्होंने हमारे घरों के अंदर पत्थर और बम फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिनमें एक जवान भी शामिल था।"

फिलहाल, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और इस घटना की आगे की जांच चल रही है।

--आईएएनएस

डीसीएच/