Aapka Rajasthan

दिल्ली में ट्रेडिंग सिंडिकेट का पर्दाफाश, ऑनलाइन निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर व्यापारियों से ठगी

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने रविवार को एक ऐसे ट्रेडिंग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है जो पूरे भारत में सक्रिय था। पुलिस ने इस संगठित साइबर अपराध के एक मुख्य सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो निवेशकों को ठगने और उनकी रकम हड़पने का काम करता था।
 

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने रविवार को एक ऐसे ट्रेडिंग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है जो पूरे भारत में सक्रिय था। पुलिस ने इस संगठित साइबर अपराध के एक मुख्य सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो निवेशकों को ठगने और उनकी रकम हड़पने का काम करता था।

आरोपी की पहचान बाघ सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से कई कीमती सामान बरामद किए हैं। बरामद किए गए सामान में 6 मोबाइल फोन, 15 डेबिट कार्ड, 9 चेक बुक, 4 पासबुक और 9 सिम कार्ड शामिल हैं।

यह ऑनलाइन सिंडिकेट एक बड़े संगठित नेटवर्क का हिस्सा था। ये लोग फर्जी ट्रेडिंग एप्लिकेशन और मैसेजिंग ग्रुप के जरिए लोगों को भारी रिटर्न का लालच देते थे और उन्हें और अधिक रिटर्न पाने के लिए लगातार ऑनलाइन निवेश करते रहने का दबाव डालते थे।

यह नेटवर्क साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन गेमिंग और अन्य गैर-कानूनी वित्तीय गतिविधियों के लिए बैंक खाते जुटाने, खरीदने और उनकी सप्लाई करने का काम करता था।

24 वर्षीय आरोपी बाघ सिंह कथित तौर पर बैंक खाते खुलवाने, बैंकिंग किट इकट्ठा करने और उन्हें परिवहन के विभिन्न साधनों के जरिए सिंडिकेट के अन्य सदस्यों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाता था।

यह मामला तब सामने आया जब शिकायतकर्ता ने शाहदरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसे इंस्टाग्राम पर एक मैसेज मिला था, जिसमें ऑनलाइन निवेश पर अच्छे रिटर्न का लालच दिया गया था।

पीड़ित ठगों के झांसे में आ गया, जिन्होंने उसके निवेश पर भारी मुनाफे का वादा किया था। उसने कई बार में पैसे ट्रांसफर किए, लेकिन उसे न तो कोई मुनाफा मिला और न ही निवेश की गई रकम वापस मिली। इस तरह, शिकायतकर्ता को लगभग 2,22,488 रुपए का नुकसान हुआ।

जांच के दौरान, शिकायतकर्ता के बैंक ट्रांजैक्शन और पैसों के लेन-देन के रास्ते (मनी ट्रेल) का पता लगाने पर सामने आया कि ठगी गई रकम में से करीब 80,000 रुपए 'अंकिता एंटरप्राइजेज' के नाम से खुले एक बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे।

बैंक ट्रांजैक्शन, डिजिटल फुटप्रिंट, आईपी लॉग, टेलीकॉम रिकॉर्ड और लोकेशन से जुड़ी जानकारी के विश्लेषण से उन लोगों तक पहुंचने के लिए अहम सुराग मिले, जो इन खातों को चला रहे थे।

लगातार तकनीकी जांच और फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान, यह बात सामने आई कि 'भाग सिंह' अन्य साथियों को बैंक खाते और बैंकिंग से जुड़े साधन उपलब्ध कराने का काम करता था।

शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि दो बैंक खाते भारत के अलग-अलग हिस्सों से दर्ज की गई साइबर अपराध की कई शिकायतों से जुड़े हुए थे।

--आईएएनएस

एमएस/