बंगाल के विधायक बायरन बिस्वास आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे
कोलकाता, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की सागरदिघी विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक बायरन बिस्वास शनिवार को मुर्शिदाबाद के धुलियान स्थित अपने घर में आग लगने की घटना में गंभीर रूप से झुलस गए।
दो बार तृणमूल कांग्रेस के विधायक रहे बिस्वास को शुरुआत में उनके स्वामित्व वाले नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, बिस्वास की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि जिस समय घर में आग लगी, उस समय विधायक अंदर ही मौजूद थे और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और राज्य अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सागरदिघी और धुलियान में चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग विधायक के आवास के बाहर जमा हो गए।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने घटना पर चिंता जताई और कहा कि वह बिस्वास की चिकित्सकीय स्थिति की जानकारी लेंगे। उन्होंने विधायक को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने की बात भी कही।
बिस्वास फिलहाल तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट के साथ हैं, जिसका नेतृत्व ऋतब्रत बनर्जी कर रहे हैं। पार्टी की पहचान को लेकर चल रहे विवाद के बीच इस गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम दिया गया है।
इस साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद पार्टी में विभाजन हुआ था। इसके बाद चुनाव आयोग ने दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों को अलग-अलग नाम और चुनाव चिन्ह आवंटित किए हैं।
बिस्वास ने पहली बार 2023 के सागरदिघी उपचुनाव में माकपा के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे के समर्थन से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की थी। जीत के कुछ ही समय बाद वह तत्कालीन पार्टी महासचिव और डायमंड हार्बर लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। हालांकि, पार्टी बदलने के बावजूद 2026 तक पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने तक आधिकारिक रिकॉर्ड में वह कांग्रेस विधायक ही बने रहे।
2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने बिस्वास को सागरदिघी से उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार तपस कुमार चक्रवर्ती को 34,260 वोटों से हराया। बिस्वास को 90,781 वोट मिले, जबकि चक्रवर्ती को 56,521 वोट हासिल हुए।
-–आईएएनएस
डीएससी
