Aapka Rajasthan

तमिलनाडु: तिरुवन्नामलाई में 50 लाख से अधिक भक्तों के आने का अनुमान

तिरुवन्नमलाई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के तिरुवन्नमलाई में कार्तिगई पूर्णिमा का गिरिवलम सोमवार रात 11:42 बजे से शुरू होगा। इसी रात से पूर्णिमा तिथि लग जाएगी। इसके अगले दिन यानी मंगलवार को अरुणाचलेश्वर मंदिर के पीछे वाली पहाड़ी की चोटी पर महादीपम जलाया जाएगा।
 

तिरुवन्नमलाई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के तिरुवन्नमलाई में कार्तिगई पूर्णिमा का गिरिवलम सोमवार रात 11:42 बजे से शुरू होगा। इसी रात से पूर्णिमा तिथि लग जाएगी। इसके अगले दिन यानी मंगलवार को अरुणाचलेश्वर मंदिर के पीछे वाली पहाड़ी की चोटी पर महादीपम जलाया जाएगा।

जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इन दोनों आयोजनों के लिए 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु तिरुवन्नमलाई पहुंचेंगे। मंदिर प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालु सोमवार देर रात से लेकर मंगलवार रात 8:23 बजे तक गिरिवलम कर सकते हैं। गिरिवलम पवित्र अरुणाचल पहाड़ी के चारों ओर 14 किलोमीटर लंबी पारंपरिक पदयात्रा है। मंदिर प्रशासन द्वारा तय किए गए इस समय के अनुसार पूर्णिमा के अवसर पर परिक्रमा करने के इच्छुक श्रद्धालुओं को लगभग 21 घंटे का समय मिलेगा।

इस वर्ष श्रद्धालु दीप प्रज्वलन समारोह से एक दिन पहले ही अपनी पदयात्रा शुरू कर सकते हैं। जो श्रद्धालु यहां आने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए इस बदलाव का मतलब है कि उन्हें दो तारीखों का ध्यान रखना होगा। सोमवार को होने वाला गिरिवलम आधी रात से ठीक 18 मिनट पहले शुरू होगा। श्रद्धालु मंगलवार सुबह या दोपहर में भी परिक्रमा कर सकते हैं क्योंकि पूर्णिमा की अवधि 'महा दीपम' वाले दिन की शाम तक रहेगी।

हर महीने पूर्णिमा के अवसर पर गिरिवलम के लिए लाखों श्रद्धालु तिरुवन्नमलाई आते हैं। श्रद्धालु उस पहाड़ी के चारों ओर पैदल चलते हैं, जो अरुणाचलेश्वर मंदिर के पीछे स्थित है। 'कार्तिगई दीपम' के दौरान होने वाले दोनों आयोजनों का केंद्र यही पहाड़ी है। श्रद्धालु गिरिवलम के लिए इसके चारों ओर बने रास्ते पर चलते हैं जबकि पहाड़ी की चोटी पर उत्सव की पवित्र ज्योति जलाई जाती है।

'कार्तिगई दीपम' उत्सव और 'चित्रा पौर्णमी' इस तीर्थस्थल के लिए वर्ष के सबसे व्यस्त अवसरों में से हैं। ऐसे मौकों पर 40 लाख से ज्यादा श्रद्धालु 'गिरिवलम' (पहाड़ी की परिक्रमा) करते हैं और 'महा दीपम' के दिन तो पहाड़ी के आसपास सबसे बड़ी भीड़ जुटती है।

इस वर्ष 50 लाख से ज्यादा लोगों के आने का अनुमान है, जिसमें पूर्णिमा की तीर्थयात्रा और 'महा दीपम' दोनों शामिल हैं। चूंकि श्रद्धालुओं के सोमवार रात से ही परिक्रमा शुरू करने और मंगलवार के आयोजन के लिए लगातार आते रहने की उम्मीद है, इसलिए जिला प्रशासन तीर्थयात्रियों और आम जनता के लिए बुनियादी सुविधाओं का इंतजाम कर रहा है।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम