Aapka Rajasthan

पलवल में 5 किलोमीटर लंबे तिरंगे के साथ ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा, दो विश्व रिकॉर्ड दर्ज

पलवल, 13 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा के पलवल में गुरुवार को 5 किलोमीटर लंबे तिरंगे के साथ निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा ने इतिहास रच दिया। यात्रा को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दो विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया। हरियाणा सरकार में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता और खेल राज्य मंत्री तथा पलवल के विधायक गौरव गौतम ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की।
 
गौरव गौतम ने बताया कि पलवल की धरती पर तिरंगे के सम्मान में आयोजित इस ऐतिहासिक यात्रा ने 'राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए सबसे ज़्यादा लोग' और 'झंडे के साथ सबसे लंबा सामूहिक मार्च' के दो विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से पलवल और हरियाणा का गौरव वैश्विक स्तर पर बढ़ा है।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से जारी प्रमाणन में कहा गया कि 'झंडे के साथ सबसे लंबा सामूहिक मार्च' का विश्व रिकॉर्ड पलवल, हरियाणा के गौरव गौतम की ओर से बनाया गया। रिकॉर्ड के अनुसार, 13 अगस्त को हजारों लोगों ने भारतीय राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगा' हाथ में लेकर रिकॉर्ड दूरी तक मार्च किया। इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना के शानदार प्रदर्शन के उद्देश्य से किया गया।

गौरव गौतम ने अपनी पोस्ट में इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन हजारों देशभक्त नागरिकों और युवाओं को समर्पित है, जिन्होंने अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रप्रेम के साथ तिरंगे को थामकर इस ऐतिहासिक क्षण को साकार किया।

उन्होंने कहा, "यह सिर्फ एक विश्व रिकॉर्ड नहीं, बल्कि तिरंगे के प्रति हमारे प्रेम, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का विश्व पटल पर अंकित गौरव है।"

--आईएएनएस

डीएससी