Aapka Rajasthan

पीएम मोदी को टिम कुक की बधाई, बोले- लोगों के जीवन को बेहतर बनाने वाली नवाचार नीतियों के लिए धन्यवाद

नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी।
 
पीएम मोदी को टिम कुक की बधाई, बोले- लोगों के जीवन को बेहतर बनाने वाली नवाचार नीतियों के लिए धन्यवाद

नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी।

टिम कुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई। साथ ही उन नवाचारों और तकनीकी विकास को समर्थन देने के लिए धन्यवाद, जो लोगों के जीवन को बेहतर बनाते हैं।"

टिम कुक की शुभकामनाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा कि पिछले कुछ दिनों और आज देश के हर वर्ग से मिले शुभकामना संदेशों से वह बेहद भावुक और अभिभूत हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भले ही वह हर व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से जवाब नहीं दे पाए हों, लेकिन हर शुभकामना उनके लिए बेहद मूल्यवान है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भारत की सेवा करने और देश के विकास की यात्रा में योगदान देने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। देश की जनता ने बार-बार स्थिरता, सुशासन और विकास के पक्ष में मतदान किया है। जनता का यही विश्वास मेरी सबसे बड़ी ताकत है।"

उन्होंने कहा कि वह विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं को साकार करने के लिए और अधिक समर्पण के साथ काम करते रहेंगे।

इस बीच, टिम कुक ने पिछले महीने एप्पल के जनवरी-मार्च तिमाही नतीजों के दौरान भारत को लेकर भी बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि एप्पल ने मार्च तिमाही में रिकॉर्ड राजस्व हासिल किया और भारत समेत लगभग सभी उभरते बाजारों में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की।

टिम कुक ने बताया कि भारत में एप्पल की लगातार मजबूत प्रगति देखने को मिल रही है और हाल ही में कंपनी ने देश में अपना छठा स्टोर भी शुरू किया है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार और तीसरा सबसे बड़ा पीसी बाजार है, लेकिन इसके बावजूद एप्पल की बाजार हिस्सेदारी अभी भी सीमित है, जो भविष्य की विशाल संभावनाओं को दर्शाती है।

टिम कुक ने भारत को एप्पल के लिए एक बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि देश में तेजी से मध्यम वर्ग का विस्तार हो रहा है और कंपनी के पास वर्तमान और भविष्य दोनों के लिए बेहतरीन उत्पाद मौजूद हैं। उन्होंने कहा, "मैं भारत को लेकर बेहद उत्साहित हूं।"

--आईएएनएस

वीकेयू/