उत्तराखंड के रुड़की में चार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में 3 लोगों की मौत, 6 गंभीर घायल
हरिद्वार, 22 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में चार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गएस, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
शनिवार को अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे रुड़की के कलियर रोड पर हुई। टक्कर के बाद चारों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की सूचना मिलने पर कलियर पुलिस स्टेशन और सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों के अनुसार, तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान हरिद्वार के मंगलौर निवासी अयान (18) और पिरान कलियर निवासी राजू (24) व राजीव (18) के रूप में हुई है। वहीं, खानजरपुर निवासी आदित्य चंद्र (25) गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें एम्स रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज रुड़की सिविल अस्पताल में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई और बाइक सवार गिर पड़े। इसके बाद, दो और बाइकें पहले से दुर्घटनाग्रस्त बाइकों और सड़क पर मौजूद लोगों से टकरा गईं। उन्होंने बताया कि उन्होंने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचित किया और घायलों की मदद करना शुरू कर दिया।
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है। जांच चल रही है और आगे की जानकारी का इंतजार है।
इससे पहले 19 अगस्त को डोईवाला में मणिमाई मंदिर के पास एक पिक-अप ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद पिक-अप ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसे खोजने और गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
