कर्नाटक: बार में हुई झड़प में शख्स की हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार
मांड्या (कर्नाटक), 25 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक के मांड्या में एक बार में कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मांड्या की पुलिस अधीक्षक वी.जे. शोभारानी के अनुसार, आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
बता दें कि 19 मई को मद्दुर तालुक के के. होन्नालगिरे गांव में वारदात को अंजाम दिया गया था। 29 वर्षीय सुनील की कथित तौर पर एक बार के अंदर शुरू हुई कहासुनी के बाद कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी।
वारदात के बाद मद्दुर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि सुनील की शादी छह महीने पहले ही हुई थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मद्दुर तालुक के अज्जाहल्ली गांव के निशांत और कार्तिक, और गुलुरदोड्डी क रवि के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, निशांत ने अशोक नाम के एक व्यक्ति से 5 लाख रुपये उधार लिए थे, जो बार-बार उस कर्ज को चुकाने की मांग कर रहा था। पुलिस ने बताया कि निशांत कथित तौर पर अशोक का सामना करने के इरादे से अपनी कार में एक लंबी लाठी लेकर आया था।
घटना वाले दिन निशांत कथित तौर पर के. होन्नालगिरे के 'दीपा बार' में शराब पी रहा था और नशे की हालत में था। पुलिस ने बताया कि वह बार के कैशियर को बार-बार 'बॉस, बॉस' कहकर बुला रहा था। पास की ही एक मेज पर सुनील और उसके दोस्त भी शराब पी रहे थे।
इसी बातचीत के दौरान, सुनील ने कथित तौर पर निशांत से कुछ सवाल किए, जिसके चलते दोनों गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। हालांकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव करके उन्हें अलग कर दिया था, लेकिन बाद में बार के बाहर सड़क पर यह विवाद और बढ़ गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों गुटों के बीच हाथापाई शुरू हो गई, जिसके दौरान निशांत और उसके साथियों ने कथित तौर पर सुनील पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। उनको ढूंढने के लिए पुलिस अधीक्षक ने एक एसआईटी का गठन किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
--आईएएनएस
एसडी/एएस
