Aapka Rajasthan

टेस्ला टेक्सास स्थित गीगाफैक्ट्री में साइबरट्रक का उत्पादन कम करेगी ताकि साइबरकैब का उत्पादन बढ़ाया जा सके: एलन मस्क

नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला अपनी स्वायत्त (ऑटोनॉमस) परिवहन रणनीति को तेजी से आगे बढ़ाते हुए 2027 के मध्य से टेक्सास में गीगाफैक्ट्री में साइबरट्रक का उत्पादन कम करना शुरू करेगी। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क ने कहा कि यह कदम साइबरकैब के उत्पादन के लिए अतिरिक्त विनिर्माण क्षमता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया जाएगा।
 

नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला अपनी स्वायत्त (ऑटोनॉमस) परिवहन रणनीति को तेजी से आगे बढ़ाते हुए 2027 के मध्य से टेक्सास में गीगाफैक्ट्री में साइबरट्रक का उत्पादन कम करना शुरू करेगी। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क ने कहा कि यह कदम साइबरकैब के उत्पादन के लिए अतिरिक्त विनिर्माण क्षमता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया जाएगा।

मस्क ने कहा कि अगले वर्ष के मध्य से टेक्सास स्थित गीगाफैक्ट्री में साइबरट्रक उत्पादन को चरणबद्ध तरीके से कम किया जाएगा, ताकि पूरी तरह से स्वायत्त साइबरकैब वाहनों के बड़े पैमाने पर उत्पादन की तैयारी की जा सके। यह फैसला टेस्ला की रोबोटैक्सी और स्वचालित परिवहन सेवाओं को लेकर दीर्घकालिक रणनीति को दर्शाता है।

हालांकि मस्क ने यह स्पष्ट नहीं किया कि साइबरट्रक का उत्पादन किसी अन्य संयंत्र में स्थानांतरित किया जाएगा या भविष्य में इसे पूरी तरह बंद किया जा सकता है। इससे इस लोकप्रिय इलेक्ट्रिक पिकअप ट्रक के भविष्य को लेकर कुछ अनिश्चितता बनी हुई है।

वर्ष 2023 में लॉन्च किया गया साइबरट्रक इलेक्ट्रिक पिकअप सेगमेंट में एक क्रांतिकारी उत्पाद के रूप में पेश किया गया था और इसे पारंपरिक ट्रक निर्माताओं, विशेषकर फोर्ड, के लिए बड़ी चुनौती माना गया था। इसके अनोखे डिजाइन और भविष्यवादी फीचर्स ने शुरुआती दौर में व्यापक चर्चा और ग्राहकों की रुचि आकर्षित की थी।

लेकिन लॉन्च के बाद साइबरट्रक को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जिसमें कई बार रिकॉल, गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़े मुद्दे और कीमतों में बार-बार बदलाव शामिल रहे। बढ़ती प्रतिस्पर्धा और अपेक्षाकृत कमजोर मांग ने भी इसके व्यावसायिक प्रदर्शन पर असर डाला, जिससे यह शुरुआती उत्साह को लंबे समय तक बनाए नहीं रख सका।

टेस्ला ने मांग बढ़ाने के लिए कई बार साइबरट्रक की कीमतों में संशोधन किया। इसके बावजूद कंपनी अब तेजी से अपने भविष्य के स्वायत्त वाहन कार्यक्रम पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

कंपनी का मानना है कि साइबरकैब भविष्य में उसके रोबोटैक्सी नेटवर्क की रीढ़ साबित होगा। इसी वजह से उत्पादन क्षमता का बड़ा हिस्सा इस नई श्रेणी के वाहनों की ओर स्थानांतरित किया जा रहा है। टेस्ला का लक्ष्य स्वचालित ड्राइविंग आधारित परिवहन सेवाओं में अपनी स्थिति को और मजबूत करना है।

इस बीच, पिछले महीने टेस्ला इंडिया ने मॉडल वाई और मॉडल वाई एल वाहनों के लिए एक नया सॉफ्टवेयर अपडेट जारी किया था। कंपनी ने बताया कि इस अपडेट के जरिए वाहन बिना सर्विस सेंटर जाए दूरस्थ रूप से नई सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं।

नए अपडेट में हैलोवीन थीम-आधारित फीचर्स भी जोड़े गए हैं, जिनमें भूत-आधारित वाहन अवतार, विशेष ध्वनि प्रभाव, प्रकाश व्यवस्था, थीम वाले वाहन रैप और अनोखी लॉक ध्वनियां शामिल हैं।

--आईएएनएस

डीबीपी