तेलंगाना: थाने में खुद को आग लगाने वाले होटल कारोबारी की मौत
हैदराबाद, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के निजामाबाद जिले में एक पुलिस थाने के परिसर में कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले होटल कारोबारी की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। कारोबारी करीब 90 फीसदी झुलस गया था और सोमवार से एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था।
मृतक की पहचान पोलासा सुधाकर (60) के रूप में हुई है। वह निजामाबाद के भीमगल बस स्टैंड पर एक छोटा होटल चलाता था। आरोप है कि सोमवार को उसने पुलिस थाने के परिसर में खुद पर पेट्रोल डाला और आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाई और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
सुधाकर के परिवार ने आरोप लगाया कि होटल से जुड़े मामले को लेकर पुलिस की बार-बार की कार्रवाई और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने और किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद सुधाकर के परिजन और रिश्तेदार भीमगल पुलिस थाने के बाहर जुट गए और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
बताया गया कि होटल के खिलाफ देर रात तक संचालन और रात 10 बजे के बाद प्रतिष्ठान के बाहर टेबल लगाए जाने को लेकर एक मामूली मामला दर्ज किया गया था। सुधाकर का कथित तौर पर कहना था कि पुलिस ने उसे कई बार पूछताछ के लिए बुलाया और तीन बार उस पर जुर्माना लगाया।
सुधाकर ने कथित तौर पर पुलिस से कहा था कि छोटे होटल से ही उसका परिवार चलता है और जब अन्य प्रतिष्ठान भी देर रात तक खुले रहते हैं तो केवल उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में नया केस दर्ज किया था और सुधाकर को थाने बुलाकर कार्रवाई से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने तथा जुर्माना भरने के लिए अदालत में पेश होने को कहा गया था। आरोप है कि कथित उत्पीड़न को सहन न कर पाने के कारण सुधाकर ने पुलिस थाने के परिसर में खुद को आग लगा ली। हालांकि, निजामाबाद के पुलिस आयुक्त पी. साई चैतन्य ने पुलिस उत्पीड़न के कारण सुधाकर की मौत होने के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस की कोई गलती नहीं थी।
पुलिस के अनुसार, सुधाकर की चाय की दुकान के सामने स्थित एक किराना दुकान का मालिक कथित तौर पर इस बात से नाराज था कि सुधाकर उसकी दुकान से सिगरेट नहीं खरीदता था। आरोप है कि किराना दुकानदार ने सुधाकर को धमकाने के लिए दो लोगों को भेजा था।
इस बीच, सुधाकर की मौत के विरोध में भीमगल के कारोबारियों ने मंगलवार को बंद रखा। व्यापारियों ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उधर, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेता और पूर्व मंत्री वेमुला प्रशांत रेड्डी को हैदराबाद में नजरबंद कर दिया गया। वह सुधाकर के परिवार से मिलने के लिए निजामाबाद जाने की तैयारी कर रहे थे। प्रशांत रेड्डी ने सुधाकर की आत्महत्या के लिए पुलिस के कथित उत्पीड़न को जिम्मेदार ठहराया।
--आईएएनएस
डीएससी
