2028 तक वारंगल और आदिलाबाद एयरपोर्ट पूरे करने की तैयारी, सीएम रेवंत रेड्डी ने केंद्र से मांगा सहयोग
हैदराबाद, 14 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात कर वारंगल और आदिलाबाद हवाई अड्डों के निर्माण कार्य को 2 जून 2028 तक पूरा करने में केंद्र सरकार से सहयोग मांगा।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि दोनों प्रस्तावित एयरपोर्ट से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री इन परियोजनाओं के निर्माण में पूरा सहयोग दे रहे हैं।
रेवंत रेड्डी ने कहा, "हमारा लक्ष्य है कि दोनों एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा कर 2 जून 2028, यानी तेलंगाना स्थापना दिवस के अवसर पर उनका उद्घाटन किया जाए।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की कुल आबादी में तेलंगाना की हिस्सेदारी करीब 2.5 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय जीडीपी में राज्य का योगदान लगभग 5 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि राज्य के तेज विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले हवाई अड्डों का निर्माण जरूरी है।
उन्होंने बताया कि वारंगल एयरपोर्ट के डिजाइन में काकतीय संस्कृति की विशेष झलक दिखाई जाएगी। साथ ही कहा कि इन परियोजनाओं को लेकर केंद्र सरकार के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है और विकास को प्राथमिकता देते हुए दोनों सरकारें मिलकर काम करेंगी।
वहीं, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से 2 जून 2028 तक वारंगल एयरपोर्ट पूरा करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यकता पड़ने पर इस लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी घोषणा की कि वारंगल एयरपोर्ट के निर्माण का काम अगले तीन सप्ताह के भीतर शुरू कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, बैठक में दोनों नेताओं ने वारंगल और आदिलाबाद के प्रस्तावित हवाई अड्डों के डिजाइन और वहां उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर भी चर्चा की।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार पहले ही वारंगल के ममनूर में एयरपोर्ट निर्माण की घोषणा कर चुकी है और राज्य सरकार इसके लिए भूमि आवंटित कर चुकी है।
इसके अलावा, आदिलाबाद में रक्षा उपयोग वाले एयरपोर्ट के साथ नागरिक उड़ानों के लिए भी एक अलग सिविल एन्क्लेव विकसित किया जाएगा। यहां पहले से 360 एकड़ क्षेत्र में रक्षा विभाग की हवाई पट्टी मौजूद है, जबकि नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरपोर्ट निर्माण के लिए राज्य सरकार से अतिरिक्त 450 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने को कहा है। प्रस्तावित आदिलाबाद एयरपोर्ट में एयरबस ए320 जैसे विमानों के संचालन योग्य रनवे विकसित किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीएससी
