Aapka Rajasthan

पुलिस स्टेशन में आधिकारिक आवेदन जमा करें, एक्टर नानी के अनुरोध पर तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी का जवाब

हैदराबाद, 23 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बुधवार को अभिनेता नानी के उस अनुरोध का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने हैदराबाद के आरटीसी एक्स रोड्स में अपनी फिल्म 'द पैराडाइज' के प्रीमियर शो में जाने की अनुमति मांगी थी।
 

हैदराबाद, 23 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बुधवार को अभिनेता नानी के उस अनुरोध का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने हैदराबाद के आरटीसी एक्स रोड्स में अपनी फिल्म 'द पैराडाइज' के प्रीमियर शो में जाने की अनुमति मांगी थी।

सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि हम सुरक्षा नियमों के प्रति आपके सम्मान और तेलंगाना के हमारे प्रतिभाशाली युवा डायरेक्टर श्रीकांत ओडेला की फिल्म के लिए आपकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हैं। भीड़ को आसानी से संभालने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कृपया संबंधित स्थानीय पुलिस स्टेशन में एक आधिकारिक आवेदन जमा करें। संबंधित टीम आवेदन की समीक्षा करेगी और उसके अनुसार निर्णय लेगी।

नानी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह सिनेमा के एक प्रशंसक की ओर से अपील है और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यह उस व्यक्ति की ओर से है जिसने बहुत कम उम्र से ही सिनेमा का बेहतरीन अनुभव लिया है। मेरे लिए, सिनेमा का मतलब हमेशा उन लोगों के साथ इसे देखना रहा है जो इसे उतना ही पसंद करते हैं, जितना मैं करता हूं। हैदराबाद में उस अनुभव के लिए आरटीसी एक्स रोड्स का एक खास स्थान है।

एक्टर ने लिखा कि मैं 'द पैराडाइज' प्रीमियर शो (23 सितंबर) के लिए आरटीसी एक्स रोड्स के एक थिएटर में जाना चाहूंगा और हमारे दर्शकों के साथ फिल्म का अनुभव करना चाहूंगा, जिनके लिए हमने इसे बनाया है। मेरा मानना ​​है कि फिल्म बनाने की असली संतुष्टि दर्शकों के बीच बैठकर उनकी प्रतिक्रिया का अनुभव करने में है। हम सभी आवश्यक प्रोटोकॉल और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करेंगे। यह हमारी प्राथमिकता होगी। मुझे उम्मीद है कि आप मेरी अपील पर कृपया विचार करेंगे, धन्यवाद।

यह अपील तेलंगाना में प्रीमियर शो और फिल्म से संबंधित कार्यक्रमों की कड़ी निगरानी के बीच आई है, जो आरटीसी एक्स रोड्स पर संध्या थिएटर में 'पुष्पा 2: द रूल' के प्रीमियर के दौरान दिसंबर 2024 में हुई भगदड़ के बाद शुरू हुई थी।

इस घटना में एक महिला की मौत हो गई थी और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद एक्टर अल्लू अर्जुन, थिएटर प्रबंधन और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

बाद में पुलिस ने 23 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की और अधिकारियों ने फिल्म प्रीमियर और प्रचार कार्यक्रमों के लिए अनुमति से जुड़े नियमों को कड़ा कर दिया।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम