'उड़ने की आशा' में कल्याणी खोलेगी रोशनी के अतीत का राज, तन्वी शेवाली बोलीं- अब कहानी में आएगा बड़ा ट्विस्ट
मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। टीवी की दुनिया में इन दिनों कहानी और किरदारों के ट्विस्ट दर्शकों को बांधे रखने का सबसे बड़ा जरिया बन चुके हैं। इसी कड़ी में 'उड़ने की आशा' अब एक बड़े मोड़ की तरफ बढ़ रहा है, जहां कहानी का सबसे अहम राज सामने आने वाला है। इस खुलासे से न सिर्फ कहानी की दिशा बदलेगी बल्कि किरदारों के रिश्तों पर भी गहरा असर पड़ेगा।
शो में रोशनी का किरदार निभा रहीं तन्वी शेवाले ने इस आने वाले ट्विस्ट को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की है। उन्होंने कहा, ''कहानी में जो खुलासा होने वाला है, वह मेरे किरदार के लिए बेहद अहम है। रोशनी अब तक अपने अतीत के कुछ हिस्सों को छुपाकर रखती आई है और परिवार के सामने सिर्फ वही दिखाया है, जो वह दिखाना चाहती थी। लेकिन अब धीरे-धीरे सच सामने आने लगा है, जिससे उसकी बनाई हुई दुनिया हिल सकती है।''
कहानी में 'कल्याणी' नाम एक बड़ा रहस्य बनकर सामने आ रहा है। तन्वी के मुताबिक, यह नाम रोशनी के पूरे अतीत से जुड़ा हुआ है। जैसे-जैसे इस नाम के पीछे की सच्चाई सामने आएगी, वैसे-वैसे रोशनी की जिंदगी में कई मुश्किलें खड़ी होंगी। उसे अपने अतीत का सामना करना पड़ेगा, जिससे बचने की वह लंबे समय से कोशिश कर रही थी।
तन्वी ने कहा, ''रोशनी एक जटिल किरदार है, जो बाहर से जितनी सरल दिखती है, अंदर से उतनी ही उलझी हुई है। वह दुनिया को जो दिखाती है, वह पूरी सच्चाई नहीं होती। अब जब 'कल्याणी' से जुड़ा सच सामने आएगा, तो उसके रिश्तों और फैसलों पर गहरा असर पड़ेगा। खासकर परिवार के साथ उसका रिश्ता पूरी तरह बदल सकता है।''
आने वाले एपिसोड में दर्शकों को कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। कहानी में रोशनी के सामने ऐसे सवाल खड़े होंगे, जिनके बारे में उन्होंने सोचा भी नहीं था। तन्वी का कहना है कि यह मोड़ उनके किरदार के लिए एक नई शुरुआत जैसा होगा, लेकिन यह शुरुआत आसान नहीं होगी। उसे अपने हर फैसले के परिणाम का सामना करना पड़ेगा।
दिलचस्प बात यह है कि इस ट्विस्ट को लेकर खुद तन्वी भी काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, ''मैं भी जानना चाहती हूं कि आगे कहानी किस दिशा में जाएगी और मेरे किरदार का सफर किस तरह बदल जाएगा। यह खुलासा न सिर्फ रोशनी के लिए बल्कि पूरे परिवार के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है।''
--आईएएनएस
पीके/पीएम
