तमिलनाडु में 16 जुलाई तक बढ़ेगा तापमान, सामान्य से कम रहेगी बारिश
चेन्नई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु में दक्षिण-पश्चिम मानसून की कमजोर स्थिति के चलते राज्य में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने अनुमान जताया है कि 16 जुलाई तक राज्य के अधिकतम तापमान में सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा।
जुलाई का आधा महीना बीतने के बावजूद तमिलनाडु में मौसम अब भी गर्मियों जैसा बना हुआ है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु के तटीय जिलों और पुडुचेरी में उच्च तापमान और अधिक नमी के कारण लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ सकता है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
रविवार को राज्य के 14 स्थानों पर अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। वेल्लोर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा मदुरै एयरपोर्ट में 41.1 डिग्री, मदुरै शहर में 40.6 डिग्री, तिरुत्तनी और चेन्नई के मीनंबक्कम में 40 डिग्री, तिरुचिरापल्ली और कुड्डालोर में 39.4 डिग्री तथा पलायमकोट्टई और चेन्नई के नुंगमबक्कम मौसम केंद्र में 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
नागपट्टिनम, इरोड, करूर परमथी, परंगीपेट्टई और नमक्कल में भी तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा, जिससे स्पष्ट है कि राज्य के अधिकांश हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की कमजोर सक्रियता के कारण तमिलनाडु के अधिकांश इलाकों में पर्याप्त वर्षा नहीं हो रही है। बादलों की कमी और बारिश न होने से दिन के समय तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है।
हालांकि, आरएमसी ने मंगलवार को पश्चिमी घाट से लगे जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में बारिश से स्थानीय स्तर पर कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में 16 जुलाई तक गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की संभावना है।
--आईएएनएस
एसएके/एएस
