बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम ले सकता है चक्रवात का रूप, तमिलनाडु में हो सकती है भारी बारिश
चेन्नई, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु में 26 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की आशंका है। वहीं, शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम बन सकता है, जो आगे चलकर चक्रवात में बदल सकता है।
चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक दुरई ने बताया कि दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के लिए अनुकूल परिस्थितियां मौजूद हैं। इसके और मजबूत होने और पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही, इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की भी आशंका है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि इस संभावित चक्रवात का तमिलनाडु पर सीधा असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। इसके बारे में अधिक जानकारी बाद में दी जाएगी। जैसे-जैसे यह मौसमी प्रणाली विकसित होगी, इसकी तीव्रता और रास्ते के बारे में और स्पष्टता आ जाएगी।
यह पूर्वानुमान ऐसे समय में आया है जब पूरे राज्य में उत्तर-पूर्वी मानसून जोर पकड़ रहा है। बुधवार सुबह 8.30 बजे तक के पिछले 24 घंटों के दौरान, तीन जिलों में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई और 13 जिलों में भारी बारिश हुई। चेन्नई के एमजीआर नगर में सबसे अधिक 15.4 सेमी बारिश दर्ज की गई।
दुरई ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिणी तमिलनाडु के ऊपर बने एक अन्य कम दबाव वाले क्षेत्र के बहुत अधिक मजबूत होने की संभावना नहीं है। फिर भी, इसके कारण दक्षिणी जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है जबकि राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी अच्छी बारिश जारी रहने की उम्मीद है।
गुरुवार के लिए पूर्वानुमान में तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, कन्याकुमारी, तेनकासी, विरुधुनगर, रामनाथपुरम, थेनी, डिंडीगुल और मदुरै सहित दक्षिणी, पश्चिमी और डेल्टा जिलों में तेज बारिश होने का संकेत दिया गया है।
कोयंबटूर, नीलगिरी, शिवगंगा, पुदुकोट्टई, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम और मयिलादुथुराई में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं।
कन्याकुमारी, कोयंबटूर और नीलगिरी में शुक्रवार को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इरोड, सलेम, नमक्कल, करूर, तिरुचि और थेनी में भी भारी बारिश हो सकती है, साथ ही कई अन्य जिलों में भी बारिश होने की उम्मीद है।
पूर्वानुमान के अनुसार, चेन्नई में 22 और 24 अक्टूबर को मध्यम बारिश हो सकती है, जिसके बाद 25 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए चेतावनी जारी की है, जिसके अनुसार 26 अक्टूबर तक यहां बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ खराब मौसम रहने की आशंका है।
दुरई ने बताया कि अरब सागर के ऊपर बना एक सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर सोमालिया की तरफ बढ़ गया है। आगे की स्थिति के बारे में उन्होंने बताया कि नवंबर में तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है, और मौसमी बारिश जनवरी के दूसरे सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम
