पांच साल बाद थिएटर में वापसी करेंगे स्वानंद किरकिरे, नए म्यूजिकल प्ले 'यो ब्रदर, दिस इज 95' में आएंगे नजर
मुंबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गायक और लेखक स्वानंद किरकिरे करीब पांच साल बाद एक बार फिर थिएटर के मंच पर वापसी करने जा रहे हैं। वह अपने नए म्यूजिकल प्ले 'यो ब्रदर, दिस इज 95' के जरिए दर्शकों के सामने होंगे। इस नाटक में 1995 के दौर को दिखाया जाएगा, जब भारत में आर्थिक उदारीकरण की शुरुआत हो रही थी और लोगों के लिए सफलता के मायने धीरे-धीरे बदल रहे थे।
स्वानंद किरकिरे ने इस म्यूजिकल प्ले को लिखा और निर्देशित किया है। इसमें व्यंग्य, डार्क ह्यूमर, लोक संगीत और उस दौर में तेजी से बदलती दुनिया के बीच अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे युवाओं की कहानी दिखाई जाएगी।
नाटक में छोटे शहरों के उन युवाओं की जिंदगी को करीब से दिखाया गया है, जो सेल्स की दुनिया में काम करते हुए नए अवसरों, बढ़ती उम्मीदों और बदलती आर्थिक व्यवस्था के बीच खुद को साबित करने में जुटे हैं।
'यो ब्रदर, दिस इज 95' का प्रीमियर पृथ्वी थिएटर फेस्टिवल में होने जा रहा है। इसकी कहानी साल 1995 के भारत के छोटे शहरों में सेट है। यह वह दौर था, जब देश में आर्थिक उदारीकरण के शुरुआती बदलाव दिखाई देने लगे थे। लोगों की आकांक्षाएं बढ़ रही थीं और बाजार व उपभोक्तावाद धीरे-धीरे आम जिंदगी का हिस्सा बन रहे थे। ऐसे में यह म्यूजिकल प्ले मनोरंजन के साथ उस दौर के सामाजिक बदलावों को भी दिखाएगा।
नाटक को लेकर स्वानंद किरकिरे ने कहा, '''यो ब्रदर, दिस इज 95' उस दौर की कहानी है, जब भारत में सफलता के मायने बदलने लगे थे। हम आकांक्षाओं, अवसरों और उपभोक्तावाद की एक नई दुनिया में कदम रख रहे थे। टारगेट, इंसेंटिव और ग्रोथ जैसे शब्द रोजमर्रा की बातचीत का हिस्सा बनने लगे थे।''
उन्होंने आगे कहा, ''मुझे यह देखना दिलचस्प लगता है कि उस समय जो बदलाव सिर्फ आर्थिक लग रहे थे, उन्होंने धीरे-धीरे हमारे रिश्तों, महत्वाकांक्षाओं और खुद को या दूसरों को आंकने के तरीके को भी प्रभावित किया। इस नाटक में हम कुछ युवा सेल्सपर्सन की जिंदगी के जरिए इसी बदलाव को हास्य, संगीत और थोड़ी असहजता के साथ दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।''
स्वानंद ने नाटक में वैक्यूम क्लीनर के महत्व के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ''इस नाटक में वैक्यूम क्लीनर सिर्फ एक सामान नहीं है, बल्कि यह ऐसे समाज का प्रतीक है, जो खुद को बेचने, खरीदने और नए सिरे से गढ़ने की कोशिश कर रहा है। असल में यह आम लोगों, उनके सपनों और उन समझौतों की कहानी है, जो वे अपने सफर में करते हैं।''
उन्होंने कहा कि इस म्यूजिकल को थिएटर के मंच पर लाने को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। पृथ्वी थिएटर फेस्टिवल का हिस्सा बनना उनके लिए खास है, क्योंकि यह ऐसा मंच है, जो हमेशा से लाइव परफॉर्मेंस और अर्थपूर्ण कहानियों को जगह देता रहा है।
इस म्यूजिकल प्ले में स्वानंद किरकिरे के साथ स्टैंडअप कॉमेडियन आकाश गुप्ता, गरिमा दिवाकर, चिन्मय चंद्रांशु, ईशा पांडे, अभिषेक कौशल, रवि महाशब्दे, आयशा चौहान, संजीव विल्सन, चकोरी द्विवेदी, अप्सरा खान और चिन्मया शर्मा भी नजर आएंगे।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम
