Aapka Rajasthan

दुर्गा पूजा से पहले पश्चिम बंगाल के हॉटस्पॉट इलाकों में डेंगू के बढ़ते मामलों ने बढ़ाई चिंता

कोलकाता, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के ग्रामीण और शहरी इलाकों में पिछले एक महीने में डेंगू के मामलों में अचानक बढ़ोतरी ने दुर्गा पूजा त्योहार से पहले प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
 

कोलकाता, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के ग्रामीण और शहरी इलाकों में पिछले एक महीने में डेंगू के मामलों में अचानक बढ़ोतरी ने दुर्गा पूजा त्योहार से पहले प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने कुछ खास इलाकों में डेंगू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी के बाद 14 ग्राम पंचायतों और आठ शहरी निकायों (जिनमें तीन नगर निगम और पांच नगरपालिकाएं शामिल हैं) को डेंगू हॉटस्पॉट के तौर पर पहचाना गया है।

अधिकारी ने कहा, "डेंगू हॉटस्पॉट के तौर पर पहचानी गई 14 ग्राम पंचायतों में से अधिकतर मुर्शिदाबाद जिले में हैं। बाकी दक्षिण 24 परगना, नदिया, जलपाईगुड़ी, बीरभूम और हुगली जिलों में हैं।"

जिन तीन नगर निगमों के कुछ वार्डों में ऐसा ही ट्रेंड देखा गया है, वे कोलकाता नगर निगम (केएमसी), उत्तर 24 परगना जिले में बिधाननगर नगर निगम (बीएमसी) और कोलकाता से सटे हावड़ा जिले में हावड़ा नगर निगम (एचएमसी) हैं।

अधिकारी के मुताबिक, केएमसी के छह, एचएमसी के तीन और बीएमसी के चार वार्डों को ऐसे इलाकों के तौर पर पहचाना गया है, जहां पिछले महीने डेंगू के नए मामलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है।

संवेदनशील जोन के तौर पर पहचानी गई नगरपालिकाओं में नदिया जिले की चकदाह और उत्तर 24 परगना जिले की दमदम, दक्षिण दमदम, कमारहाटी और बारानगर शामिल हैं।

इस वर्ष डेंगू के सबसे अधिक मामले मुर्शिदाबाद, कोलकाता, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, नदिया, हुगली, हावड़ा, मालदा और पूर्वी बर्दवान से आए हैं। हालांकि, राज्य के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि 2026 में अब तक सामने आए डेंगू के कुल मामले 2025 की इसी अवधि के आंकड़ों की तुलना में थोड़े कम हैं।

7 अक्टूबर 2025 तक पश्चिम बंगाल में डेंगू के 12,652 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2026 में इसी अवधि के दौरान 10,177 मामले सामने आए।

कुल मामलों की संख्या कम होने के बावजूद हाल ही में संक्रमण के मामलों में हुई बढ़ोतरी चिंता का विषय बन गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि सितंबर में 3,948 नए मामले सामने आए, जबकि अकेले अक्टूबर के पहले सप्ताह में लगभग 1,100 मामले दर्ज किए गए।

अधिकारी ने कहा, "इस साल मामलों की कुल संख्या कम होने के बावजूद चिंता की बात संक्रमण के मामलों में हालिया बढ़ोतरी है। जहां सितंबर में डेंगू के 3,948 नए मामले सामने आए, वहीं अकेले अक्टूबर के पहले सप्ताह में लगभग 1,100 मामले दर्ज किए गए।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम