अमेरिकी मिडटर्म चुनाव: सुहास सुब्रमण्यम और अरुणा मिलर फिर जीते, फ्लोरिडा में पिया दांडिया आगे
वाशिंगटन, 4 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय मूल के अमेरिकी नेताओं ने अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। डेमोक्रेटिक पार्टी के सुहास सुब्रमण्यम और अरुणा मिलर ने दोबारा जीत हासिल की है, जबकि फ्लोरिडा में पिया दांडिया अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रही हैं।
वहीं, ओहियो के गवर्नर पद के चुनाव में भारतीय मूल के रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी शुरुआती मतगणना में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन से पीछे हैं।
वर्जीनिया के 10वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में सुब्रमण्यम को करीब 63 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डेव बेकविथ को लगभग 35 प्रतिशत मत प्राप्त हुए। करीब 82 प्रतिशत मतों की गिनती पूरी होने के बाद एनबीसी न्यूज ने उनकी जीत का अनुमान जताया।
इस जीत के साथ सुब्रमण्यम को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में दूसरा कार्यकाल मिलेगा। वह 2024 में वर्जीनिया से कांग्रेस पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी बने थे।
वहीं, पड़ोसी राज्य मैरीलैंड में भारतीय मूल की अरुणा मिलर ने भी दोबारा उपराज्यपाल का पद हासिल किया। एनबीसी न्यूज ने डेमोक्रेटिक गवर्नर वेस मूर की जीत का अनुमान जताया है। मिलर ने मूर के साथ डेमोक्रेटिक पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उनकी जीत से मैरीलैंड के शीर्ष राज्य प्रशासन में भारतीय मूल का प्रतिनिधित्व बरकरार रहेगा।
फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पिया दांडिया और रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी असकर के बीच मुकाबला काफी करीबी रहा। शुरुआती नतीजों में दांडिया करीब 52 प्रतिशत वोटों के साथ आगे थीं, जबकि असकर को लगभग 48 प्रतिशत मत मिले। करीब 94 प्रतिशत संभावित मतों की गिनती पूरी हो चुकी थी। हालांकि, एनबीसी न्यूज ने इस सीट पर अभी किसी उम्मीदवार की जीत घोषित नहीं की थी।
पूर्व स्कूल प्रिंसिपल दांडिया दक्षिण फ्लोरिडा के नए परिसीमन वाले निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। इस सीट के नतीजे पर भी नजरें टिकी हैं।
ओहायो में गवर्नर पद के चुनाव में भारतीय मूल के रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी शुरुआती मतगणना में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन से पीछे चल रहे थे। एनबीसी न्यूज के मुताबिक, एक्टन को करीब 63 प्रतिशत और रामास्वामी को 34 प्रतिशत वोट मिले थे। उस समय लगभग एक चौथाई मतों की गिनती हुई थी। नेटवर्क ने मुकाबले को अभी निर्णायक घोषित नहीं किया था।
बायोटेक्नोलॉजी उद्यमी और रिपब्लिकन पार्टी के पूर्व राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामास्वामी को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन हासिल है। वह मौजूदा गवर्नर माइक डिवाइन का कार्यकाल पूरा होने के बाद इस पद पर काबिज होने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, पेशे से चिकित्सक और ओहियो की पूर्व स्वास्थ्य निदेशक एक्टन डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हैं।
मैसाचुसेट्स में डेमोक्रेटिक सीनेटर एड मार्की ने भी दोबारा जीत हासिल की। इस नतीजे के साथ भारतीय मूल के निर्दलीय उम्मीदवार शिवा अय्यादुरई को हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन डीटन भी मैदान में थे।
जॉर्जिया में डेमोक्रेटिक सीनेटर जॉन ओसॉफ ने भी दोबारा जीत दर्ज की। उन्होंने रिपब्लिकन सांसद माइक कॉलिन्स को हराया। सीनेट के शुरुआती नतीजों में यह एक महत्वपूर्ण मुकाबला रहा।
जॉर्जिया के राज्य विधायी चुनावों में भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ज्योत सिंह भी हाउस डिस्ट्रिक्ट 97 में रिपब्लिकन उम्मीदवार यासीन मोगाजी से आगे चल रहे थे। हालांकि, मतगणना पूरी नहीं हुई थी।
भारतीय मूल के अन्य उम्मीदवारों में उत्तरी कैरोलिना से रिपब्लिकन महेश गणोरकर और टेक्सास से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पूजा सेठी के चुनावी नतीजों का इंतजार था।
अमेरिका में 3 नवंबर को हुए मध्यावधि चुनावों में प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों, सीनेट की 35 सीटों के अलावा कई राज्यों में गवर्नर, राज्य विधायिका और स्थानीय निकायों के पदों के लिए मतदान हुआ। ये चुनाव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के बीच में हो रहे हैं और इनके नतीजे कांग्रेस के दोनों सदनों में रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टियों की ताकत तय करेंगे।
--आईएएनएस
केआर/
