Aapka Rajasthan

परिसीमन विधेयक पर स्टालिन के फैसले का भाजपा ने किया स्वागत, नागेंद्रन बोले- वे विश्वासघातियों पर भरोसा नहीं करेंगे

चेन्नई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने रविवार को केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के डीएमके के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन 'विश्वासघातियों पर भरोसा नहीं करेंगे'।
 

चेन्नई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने रविवार को केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के डीएमके के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन 'विश्वासघातियों पर भरोसा नहीं करेंगे'।

नैनार नागेंद्रन की यह टिप्पणी चेन्नई में इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं की प्रस्तावित बैठक से पहले आई है। इस बैठक में कांग्रेस के शीर्ष नेता स्टालिन से परिसीमन विधेयक पर डीएमके के रुख पर पुनर्विचार करने का आग्रह कर सकते हैं।

नागेंद्रन ने चेन्नई में पत्रकारों से कहा, "देश की बेहतरी के लिए एमके स्टालिन ने बहुत अच्छा फैसला लिया है। वह विश्वासघातियों पर भरोसा नहीं करेंगे।"

हालांकि, भाजपा नेता ने अपने बयान में किसी पार्टी का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया। उनकी टिप्पणी को कांग्रेस की ओर संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, जिसने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद डीएमके से गठबंधन तोड़कर तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) को समर्थन दिया और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में दो मंत्री पद हासिल किए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उन नेताओं में शामिल हैं, जो स्टालिन से मुलाकात करेंगे। डीएमके ने शनिवार को परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की घोषणा की थी। लोकसभा में पार्टी के 22 सांसद हैं। इससे पहले डीएमके इस विधेयक का विरोध कर रही थी।

इस बीच, तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेताओं का डीएमके अध्यक्ष से मुलाकात के लिए स्वागत है। उन्होंने कहा कि पार्टी परिसीमन विधेयक पर समर्थन के फैसले को लेकर सही समय पर सही निर्णय करेगी और तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा को प्राथमिकता देगी।

डीएमके के विधेयक समर्थन को लेकर भाजपा के साथ संभावित गठबंधन के सवाल भी उठे हैं। शनिवार को नागेंद्रन से जब डीएमके के भाजपा नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल होने की संभावना के बारे में पूछा गया था, तो उन्होंने कहा था, "यह भगवान मुरुगन के हाथों में है।"

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष ने रविवार को चेन्नई में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' नारे के तहत राष्ट्रीय ध्वज यात्रा भी निकाली। इसमें केंद्रीय मंत्री राज्य मंत्री सुरेश गोपी और भाजपा के तमिलनाडु प्रभारी राम माधव भी शामिल हुए।

--आईएएनएस

डीएससी