रजनीकांत से पवन कल्याण तक, भारतीराजा के निधन पर सितारों ने जताया शोक
चेन्नई, 10 जून (आईएएनएस)। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के निर्माता-निर्देशक भारतीराजा का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उम्र संबंधी बीमारियों के कारण बुधवार की सुबह चेन्नई में उनका देहांत हुआ। उनके निधन की खबर से सिनेमा जगत स्तब्ध है। रजनीकांत, पवन कल्याण, एसएस राजामौली, सिद्धार्थ, बोनी कपूर समेत कई सितारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
भारतीराजा की गिनती तमिल सिनेमा के उन निर्माताओं में की जाती है, जिन्होंने ग्रामीण जीवन की सच्ची कहानियों को बड़े पर्दे पर उतारा। उनकी फिल्मों ने न सिर्फ तमिल बल्कि तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ भाषी दर्शकों को भी प्रभावित किया। उन्होंने 6 नेशनल अवॉर्ड जीते और पद्म श्री से सम्मानित हुए।
एसएस राजामौली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, भारतीराजा गारू सच्चे पायनियर थे। उन्होंने बिना समझौता वाली कहानी कहने की कला से सिनेमा में क्रांति ला दी। उनकी यादगार ग्रामीण कहानियां, निडर नजरिया और स्क्रीन पर दिखाई गई असलियत हमेशा याद रहेगी। उनके शानदार काम और विरासत को देखना सम्मान की बात है।
फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने कहा कि भारतीराजा के निधन से बहुत दुख हुआ है। वे दूरदर्शी फिल्मकार थे जिन्होंने ग्रामीण जीवन के सच्चे चित्रण, दमदार कहानियों और यादगार किरदारों के जरिए भारतीय सिनेमा को बदल दिया। उनकी फिल्मों ने तमिल सिनेमा को नई परिभाषा दी और आने वाली पीढ़ी के फिल्ममेकर्स को प्रेरित किया। उनकी कहानियां दुनिया भर के दर्शकों के दिलों में हमेशा बसी रहेंगी।
एक्टर सिद्धार्थ ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि हमारे गुरु हमें छोड़कर चले गए। भारतीराजा उन मुख्य वजहों में से एक थे जिनकी वजह से मैं फिल्ममेकर बनना चाहता था। भारतीराजा ने सिनेमा को बेहतरीन एक्टर्स, टेक्नीशियंस और कहानीकार दिए। उनकी फिल्मों में दिखाई गई अनोखी दुनिया, किरदारों के टकराव, खूबसूरती, संगीत और संस्कृति ने तमिल सिनेमा को आकार दिया। सिद्धार्थ ने उन्हें ‘आसान’ और टीचर कहकर याद किया और कहा कि उनके जैसा कोई दूसरा नहीं होगा।
रजनीकांत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारतीराजा 50 साल से भी ज्यादा समय से उनके दोस्त थे। हर कोई उनके टैलेंट और उपलब्धियों को जानता है। उन्होंने कई एक्टर्स, एक्ट्रेसेस और टेक्नीशियंस को इंडस्ट्री से जोड़ा और फिल्म इंडस्ट्री में जान फूंक दी। रजनीकांत ने कहा कि वे हमेशा किसी की भी मदद के लिए सबसे पहले आगे आते थे। उनकी बनाई फिल्में और काम कभी भुलाए नहीं जा सकेंगे। उनका नाम दिलों में हमेशा रहेगा।
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने भारतीराजा गारू के निधन को फिल्म इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि उनकी शानदार फिल्मों ने न सिर्फ तमिल बल्कि अन्य भाषाओं के दर्शकों का भी दिल जीता। पवन कल्याण ने ‘अन्नय्या’ के साथ चिरंजीवी की फिल्म ‘आराधना’ और नेशनल अवॉर्ड विजेता ‘सीताकोका चिलुका’ जैसी फिल्मों का जिक्र किया। उन्होंने भारतीराजा को ग्रामीण जीवन और मानवीय रिश्तों को खूबसूरती से दिखाने वाले निर्देशक के रूप में याद किया।
डायरेक्टर पेरारासु ने कहा कि भारतीराजा जैसे निर्देशक का जाना दुखद है। उन्होंने अपनी शानदार फिल्मों के जरिए साबित किया कि आम आदमी भी फिल्में बना सकता है। इसी वजह से आज इतने सारे डायरेक्टर्स सामने आए हैं। उनकी फिल्में आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने सिनेमा को नई दिशा दी और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा दी। उनके निधन पर पूरा फिल्म जगत शोक में डूबा हुआ है।
--आईएएनएस
एमटी/डीकेपी
