Aapka Rajasthan

सोशल मीडिया पर किम जोंग-उन की मौत से जुड़े दावे झूठे : दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी

सियोल, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने शुक्रवार को संसदीय समिति को बताया कि सोशल मीडिया पर हाल ही में फैल रही उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन की मौत से जुड़ी बातें सिर्फ अफवाह है।
 

सियोल, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने शुक्रवार को संसदीय समिति को बताया कि सोशल मीडिया पर हाल ही में फैल रही उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन की मौत से जुड़ी बातें सिर्फ अफवाह है।

सूत्रों के अनुसार, नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस (एनआईएस) ने यह जानकारी नेशनल असेंबली की इंटेलिजेंस कमेटी की एक बंद कमरे में हुई बैठक के दौरान सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के सांसदों को दी।

सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि किम जोंग-उन को गंभीर मस्तिष्क रक्तस्राव (ब्रेन हेमरेज) हुआ, वह कोमा में चले गए और उनकी मृत्यु हो गई। ये अफवाह विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैली और कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने भी इन्हें प्रकाशित किया। हालांकि इन दावों के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया गया।

उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने इन अफवाहों पर सीधे तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि, मंगलवार को सरकारी मीडिया ने खबर दी थी कि किम जोंग-उन ने एक दिन पहले प्योंगयांग में आयोजित परिधान और जूता प्रदर्शनी का दौरा किया था। जारी तस्वीरों में वह अपनी बेटी जू-ए के साथ प्रदर्शनी का निरीक्षण करते दिखाई दिए।

पिछले महीने समिति को दी गई जानकारी में एनआईएस ने बताया था कि 140 किलोग्राम से अधिक वजन वाले किम जोंग-उन गंभीर मोटापे के कारण हृदय संबंधी बीमारियों के जोखिम में हैं, लेकिन फिलहाल उनके स्वास्थ्य में किसी गंभीर समस्या के संकेत नहीं मिले हैं।

एजेंसी ने कहा था कि किम बिना किसी परेशानी के चल-फिर रहे हैं। यहां तक कि एक युद्धपोत के निरीक्षण के दौरान उन्हें सीढ़ियां चढ़ते हुए दौड़ते भी देखा गया था। साथ ही उनके स्वास्थ्य की निगरानी के लिए विशेष चिकित्सा कर्मियों की टीम तैनात है।

शुक्रवार की बैठक में उत्तर कोरिया की सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की वरिष्ठ नेता और किम जोंग-उन की बहन किम यो-जोंग की गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि उन्होंने उत्तर और दक्षिण कोरिया की सीमा पर चल रहे किलेबंदी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उनके साथ उत्तर कोरिया के रक्षा मंत्रालय के सलाहकार पाक जोंग-चोन भी मौजूद थे।

गौरतलब है कि अप्रैल 2024 से उत्तर कोरिया दक्षिण कोरिया के साथ अपनी सीमा को मजबूत बनाने के प्रयास तेज कर रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, किम यो-जोंग ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ प्रचार प्रसारण करने वाले लाउडस्पीकर अभियान को फिर से शुरू करने की धमकी भी दी है। उन्होंने सीमा किलेबंदी को लेकर जारी तनाव के बीच भयावह और चिंताजनक स्थिति की चेतावनी दी।

इस बीच एनआईएस की अगले सप्ताह संसदीय समिति द्वारा समीक्षा की जानी है, जिसमें सांसदों द्वारा उत्तर कोरिया से जुड़े हालिया घटनाक्रमों और अन्य सुरक्षा मामलों पर चर्चा किए जाने की संभावना है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी