नई दिल्ली: के-पॉप महोत्सव में शामिल हुईं दक्षिण कोरिया की फर्स्ट लेडी किम हे क्यूंग
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की फर्स्ट लेडी किम हे क्यूंग सोमवार को भारत में एक के-पॉप महोत्सव में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के लोगों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान से रिश्ते और मजबूत होने की उम्मीद जताई। यह जानकारी राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से दी गई।
योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, किम हे क्यूंग, राष्ट्रपति ली जे म्युंग के साथ भारत के दौरे पर आई हैं। उन्होंने 'के-ड्रीम स्टेज: ऑल इंडिया के-पॉप ग्रैंड चैंपियनशिप' नाम के इस वार्षिक कार्यक्रम में गेस्ट के तौर पर हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम कोरियन कल्चरल सेंटर आयोजित करता है।
उन्होंने कहा कि यह इवेंट दिखाता है कि भारत में कोरियन कल्चर कितनी तेजी से लोकप्रिय हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जो बच्चे और युवा यहां कॉम्पिटिशन में हिस्सा ले रहे हैं, वे दोनों देशों के बीच पुल का काम करेंगे।
किम ने अपने भाषण में कहा, "मुझे पूरा यकीन है कि आप सभी आगे चलकर न सिर्फ भारत बल्कि कोरिया और पूरी दुनिया में नई पॉपुलर कल्चर की लहर लाएंगे।"
इस कार्यक्रम में के-पॉप डांस और सिंगिंग की प्रतियोगिताएं हुईं। साथ ही कुछ आमंत्रित कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां दीं। के-पॉप की दिग्गज कंपनी जेवाईपी एंटरटेनमेंट के फाउंडर पार्क जिन यंग भी वहां आए थे, जो राष्ट्रपति समिति सह-अध्यक्ष भी हैं।
किम ने कहा, "कल्चर की ताकत इतनी बड़ी है कि वो देशों की सीमाओं को पार करके लोगों को जोड़ देती है। मुझे उम्मीद है कि आज का यह कार्यक्रम हमारी दोनों संस्कृतियों को एक-दूसरे को बेहतर समझने और करीब आने का मौका बनेगा।"
इससे पहले दिन में फर्स्ट लेडी किम और राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने दिल्ली के राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति तीन दिन की स्टेट विजिट पर भारत आए हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें और फर्स्ट लेडी को रिसीव किया था।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति की यह भारत यात्रा दोनों देशों के बीच खास सामरिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
