Aapka Rajasthan

मिस यूनिवर्स जेनिफर बैरेटो को उनकी छोटी बच्ची के साथ देखना बहुत प्यारा नजारा : सोनू वालिया

मुंबई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री सोनू वालिया ने इस बात पर खुशी जताई है कि इस साल की मिस यूनिवर्स जेनिफर बैरेटो एक खूबसूरत बच्ची की मां हैं। उन्होंने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि यह प्रतियोगिता केवल बाहरी सुंदरता पर नहीं, बल्कि वास्तविक सौंदर्य को भी पहचान रही है।
 

मुंबई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री सोनू वालिया ने इस बात पर खुशी जताई है कि इस साल की मिस यूनिवर्स जेनिफर बैरेटो एक खूबसूरत बच्ची की मां हैं। उन्होंने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि यह प्रतियोगिता केवल बाहरी सुंदरता पर नहीं, बल्कि वास्तविक सौंदर्य को भी पहचान रही है।

दरअसल जेनिफर बैरेटो मिस यूनिवर्स का ताज जीतने वाली पहली विवाहित महिला और मां बनी हैं।

सोनू वालिया ने 1985 के मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के दिनों को याद करते हुए पुरानी यादें भी साझा कीं। उस वर्ष मिस प्यूर्टो रिको ने खिताब अपने नाम किया था।

'खून भरी मांग' की अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, "75वें मिस यूनिवर्स का खिताब मिस प्यूर्टो रिको को जीतते देखकर थोड़ी भावुक हो गई हूं। यह मुझे 1985 की याद दिलाता है, जब मिस प्यूर्टो रिको ने भी यह खिताब जीता था।"

पहली बार किसी मां के मिस यूनिवर्स बनने के महत्व पर बात करते हुए उन्होंने लिखा, "इस बार एक बड़ा बदलाव है, जो मुझे मिस यूनिवर्स के खिताब के बिल्कुल अनुरूप लगता है। वर्तमान मिस यूनिवर्स एक मां हैं।"

उन्होंने कहा, "धरती पर ईश्वर के प्रेम का सबसे सुंदर रूप मां होती है। एक मां का अपने बच्चे के लिए प्रेम सबसे सच्चा और निस्वार्थ प्रेम होता है। वर्तमान मिस यूनिवर्स का मां होना इस बात का प्रतीक है कि यह प्रतियोगिता केवल बाहरी सुंदरता ही नहीं, बल्कि सृजन की वास्तविक सुंदरता को भी सम्मान दे रही है।"

जेनिफर बैरेटो को बधाई देते हुए सोनू वालिया ने लिखा, "मेरे लिए जेनिफर बैरेटो को उनकी नन्ही बेटी के साथ मिस यूनिवर्स के रूप में देखना एक बेहद खूबसूरत दृश्य है। आपकी बड़ी जीत के लिए बधाई और आपकी बेटी के लिए आपने एक बहुत ऊंचा मानदंड स्थापित कर दिया है।"

सोनू वालिया ने 1985 में मिस इंडिया का खिताब जीता था और बाद में मिस यूनिवर्स 1985 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

सोनू वालिया को रेखा अभिनीत फिल्म 'खून भरी मांग' में नंदिनी के किरदार के लिए खास पहचान मिली थी।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी