सोनाक्षी सिन्हा-जहीर इकबाल की 'तू है मेरी किरण' का फर्स्ट लुक आउट
मुंबई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी अपकमिंग रोमांटिक थ्रिलर फिल्म 'तू है मेरी किरण' का फर्स्ट लुक शेयर कर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। फिल्म में सोनाक्षी के साथ उनके पति जहीर इकबाल नजर आएंगे। यह दोनों की साथ में दूसरी फिल्म है। पोस्टर सामने आते ही फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
सोनाक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ''आप प्यार और जुनून के बीच लकीर कहां खींचेंगे?''
पोस्टर में सोनाक्षी और जहीर एक टेबल पर साथ बैठे नजर आ रहे हैं। सोनाक्षी दूसरी तरफ देख रही हैं, जबकि जहीर उन्हें काफी गौर से देखते हुए नजर आ रहे हैं। पोस्टर का पूरा लुक फिल्म के रहस्य और रिश्ते के डार्क पहलू की ओर इशारा करता है।
पोस्टर के ऊपर अंग्रेजी में लिखा है, 'उसे एक कनेक्शन मिला, उसे एक जुनून मिल गया। पोस्टर पर फिल्म का नाम 'तू है मेरी किरण' और इसकी रिलीज डेट 23 अक्टूबर 2026 भी दी गई है।
फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन फर्स्ट लुक को देख फैंस का कहना है कि यह साधारण रोमांटिक कहानी नहीं होगी। फिल्म में रिश्ते के उस पहलू को दिखाने की कोशिश की गई है, जहां प्यार धीरे-धीरे जुनून में बदलता है।
'तू है मेरी किरण' को करण रावल ने लिखा और डायरेक्ट किया है। फिल्म को विशाल राणा ने एचेलॉन प्रोडक्शंस के तहत प्रोड्यूस किया है। इसके साथ पीएएम स्टूडियोज और एएनडी प्रोडक्शन्स भी जुड़े हुए हैं। फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल लीड रोल में हैं।
यह फिल्म सोनाक्षी और जहीर की साथ में दूसरी फीचर फिल्म है। इससे पहले दोनों 2022 में रिलीज हुई फिल्म 'डबल एक्सएल' में साथ नजर आए थे। सतराम रमानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सोनाक्षी और जहीर के अलावा हुमा कुरैशी और महत राघवेंद्र भी अहम भूमिकाओं में थे।
सोनाक्षी और जहीर ने कई सालों तक अपने रिश्ते को निजी रखा था। दोनों ने जून 2024 में शादी के बाद अपने रिश्ते को सार्वजनिक तौर पर दुनिया के सामने रखा।
--आईएएनएस
पीके/वीसी
