'एक बार भी अफेयर की चर्चा नहीं सुनी', गोविंदा-करिश्मा के रिश्ते पर सोमी अली ने सालों बाद बताई 'सच्चाई'
मुंबई, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड में 90 के दशक में गोविंदा और करिश्मा कपूर की जोड़ी को लोगों ने काफी पसंद किया। पर्दे पर दोनों की नजदीकियों को देखकर उस दौर में उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं होने लगी थीं। हालांकि, इन अफवाहों की कभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
अब एक बार फिर गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। उनकी पत्नी सुनीता आहूजा ने हाल ही में उनकी को-स्टार कोमल रानी के साथ कथित संबंधों को लेकर आरोप लगाए हैं। इसी बीच, गोविंदा के साथ फिल्म में काम कर चुकीं अभिनेत्री सोमी अली ने करिश्मा कपूर के साथ उनके कथित अफेयर पर अपनी बात रखी।
आईएएनएस के साथ खास बातचीत में सोमी अली ने गोविंदा और करिश्मा कपूर के रिश्ते को लेकर फैलने वाली चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि गोविंदा और करिश्मा के अफेयर को लेकर कभी कोई अफवाह नहीं सुनी। उन्होंने कहा, ''लोलो (करिश्मा कपूर) के साथ ऐसा कभी नहीं हुआ। मैंने एक बार भी चिची (गोविंदा) और लोलो के अफेयर की अफवाह नहीं सुनी।''
सोमी ने आगे कहा, ''सलमान खान ने भी करिश्मा के साथ कई फिल्मों में काम किया है। दोनों के बीच काफी अच्छी दोस्ती है, लेकिन मैंने कभी उनके अफेयर के बारे में भी नहीं सुना। मैं उस समय फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा थीं, लेकिन मुझे गोविंदा और करिश्मा के बीच किसी रिलेशनशिप की जानकारी नहीं थी।''
बातचीत के दौरान सोमी अली ने कहा, ''किसी की निजी जिंदगी और रिश्तों पर मैं टिप्पणी करना पसंद नहीं करतीं। जब कोई व्यक्ति किसी के साथ रिश्ते में रहना चाहता है, तो यह उसकी निजी पसंद है। मुझे किसी के फैसले पर सवाल उठाने या उसे गलत ठहराने का कोई अधिकार नहीं है।''
सोमी ने कहा, ''मैं उस समय फिल्म इंडस्ट्री में मौजूद थीं और अगर गोविंदा और करिश्मा के बीच कुछ ऐसा होता, तो संभव है कि मुझे इसकी जानकारी मिलती। लेकिन मैंने ऐसी कोई बात नहीं सुनी। उस समय मैं खुद अपनी जिंदगी को समझने की कोशिश कर रही थीं।''
--आईएएनएस
पीके/एएस
