तेलंगाना: मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर डिजिटलीकरण में तेजी लाने के दिए निर्देश
हैदराबाद, 21 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) सी. सुधर्शन रेड्डी ने मंगलवार को सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत गणना प्रपत्रों (एन्यूमरेशन फॉर्म) के डिजिटलीकरण में तेजी लाने और उपलब्ध समय का प्रभावी उपयोग कर निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अतिरिक्त सीईओ वसम वेंकटेश्वर रेड्डी, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी जी.एस. चारी, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के आयुक्त, हैदराबाद के जिला निर्वाचन अधिकारी तथा राज्य के सभी डीईओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की।
बैठक में सीईओ ने निर्देश दिया कि निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), बीएलओ पर्यवेक्षक और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एसआईआर से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करें, ताकि सभी गतिविधियां समय पर पूरी हो सकें। उन्होंने राजनीतिक दलों के साथ होने वाली बैठकों में पारदर्शिता और उचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों और उन विधानसभा क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए, जहां प्रगति अपेक्षाकृत कम है। साथ ही सभी वीवीआईपी और वीआईपी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने को सुनिश्चित करने को कहा।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता ने अपना गणना प्रपत्र ऑनलाइन जमा कर दिया है, तो बीएलओ उससे भौतिक फॉर्म जमा करने की मांग न करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि फॉर्म जमा करने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य न बनाया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मतदाताओं को फॉर्म जमा करने में हर संभव सहायता दी जाए, उनकी शिकायतों का शीघ्र समाधान किया जाए और एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत) मतदाताओं के मामलों का सावधानीपूर्वक सत्यापन कर सटीक रिकॉर्ड तैयार किया जाए।
सीईओ ने क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने और पर्यवेक्षी अधिकारियों के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि एसआईआर-2026 का कार्य सुचारु रूप से पूरा हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए।
बैठक में उन्होंने जिलावार अनमैप्ड मतदाताओं, 50 प्रतिशत से कम प्रगति वाले मतदान केंद्रों और अब तक एकत्र नहीं किए गए फॉर्म की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी डीईओ को निर्देश दिया कि इस सप्ताह के अंत तक अपने-अपने जिलों में 90 प्रतिशत से अधिक गणना प्रक्रिया पूरी करें और "नो मैपिंग" श्रेणी के मतदाताओं का गहन सत्यापन सुनिश्चित करें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए एसआईआर-2026 की प्रक्रिया को समयबद्ध और सफलतापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंस में नोडल अधिकारी और तकनीकी टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।
--आईएएनएस
डीएससी
