इंडिया ब्लॉक की बैठक को लेकर ममता पर बरसे सीएम अधिकारी, ‘देशविरोधी ताकतों’ से जुड़ने का लगाया आरोप
कोलकाता, 29 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी के दिल्ली में प्रस्तावित इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होने को लेकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी कथित तौर पर ‘देशविरोधी ताकतों’ के साथ जुड़ रही हैं।
एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में अधिकारी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी वैचारिक नक्सलियों के साथ संपर्क कर रही हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय खुफिया ब्यूरो (आईबी) से ममता बनर्जी की राष्ट्रीय राजधानी में गतिविधियों पर नजर रखने की अपील भी की।
अधिकारी ने कहा, “आप तथाकथित दिमागी नक्सलियों के साथ योजना बनाने जा रही हैं। हर कोई जानता है कि ‘आजादी’ के नारे लगाने वाला व्यक्ति क्या कर सकता है। मैं दिल्ली पुलिस और आईबी से अनुरोध करूंगा कि वे कड़ी नजर रखें, उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखें और सुनिश्चित करें कि किसी देशविरोधी ताकत के साथ कोई बैठक न हो।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि ममता बनर्जी अब तथाकथित ‘दिमागी नक्सलियों’ की मुख्य सलाहकार बन गई हैं और जमात तथा वैचारिक नक्सलियों, दोनों के साथ आगे बढ़ रही हैं। ये आरोप सुवेंदु अधिकारी के हैं।
इंडिया ब्लॉक की बैठक बुधवार को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में प्रस्तावित है। ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। बैठक में विपक्षी दल चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।
सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार हासिरानी रथ के नामांकन को चुनौती देने वाली कांग्रेस की याचिका का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि कलकत्ता हाई कोर्ट ने भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ दायर याचिका खारिज कर दी है।
अधिकारी ने कहा, “मुझे कलकत्ता हाई कोर्ट से रिपोर्ट मिली है कि उसने एक साइनबोर्ड पार्टी की ओर से नंदीग्राम के भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया है।”
कलकत्ता हाई कोर्ट ने मंगलवार को कांग्रेस की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें हासिरानी रथ के चुनावी हलफनामे में कथित विसंगतियों को लेकर उनकी उम्मीदवारी को चुनौती दी गई थी। हासिरानी रथ, अधिकारी के पूर्व सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ की इस साल मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के कुछ समय बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 6 अक्टूबर को होने हैं, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।
--आईएएनएस
डीएससी
