'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' में शनाया कपूर का डबल धमाका, रहस्य और रोमांच से भरपूर है सीरीज
रेटिंग: 4.5/5
करण जौहर की मशहूर फिल्म फ्रेंचाइजी 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' इस बार एक नए और रोमांचक अंदाज में दर्शकों के सामने आई है। 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' कॉलेज की चमक-दमक, दोस्ती और प्यार की दुनिया से आगे बढ़कर रहस्य, सस्पेंस, और गहरे राज की कहानी दिखाती है। छह एपिसोड की यह सीरीज शुरुआत से ही दर्शकों को अपनी कहानी से जोड़ लेती है और आखिरी एपिसोड तक कई ऐसे मोड़ लाती है, जो आपको सोचने पर मजबूर कर देते हैं।
जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही इस सीरीज का निर्देशन रीमा माया ने किया है। इसका निर्माण धर्माटिक एंटरटेनमेंट ने किया है। करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता इसके निर्माता हैं।
स्टोरीलाइन : कहानी सेंट टेरेसा कॉलेज से शुरू होती है, जहां की सबसे लोकप्रिय छात्रा आयशा मलिक (शनाया कपूर) की अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो जाती है। आयशा की जुड़वां बहन अदिति मलिक (शनाया कपूर) अपनी बहन की मौत का सच जानने निकल पड़ती है। शुरुआत में यह सफर सिर्फ एक कातिल की तलाश जैसा लगता है, लेकिन धीरे-धीरे कहानी एक खतरनाक खेल का रूप ले लेती है।
अदिति जब अपनी बहन की जिंदगी से जुड़े लोगों और घटनाओं की पड़ताल करती है, तो उसे कॉलेज के छात्रों के बीच चल रही एक सीक्रेट कॉम्पिटिशन के बारे में पता चलता है। इस कॉम्पिटिशन में एक खास प्राइज जीतने की चाहत है, लेकिन इसकी कीमत बेहद डरावनी है। हर एपिसोड के साथ नए राज खुलते हैं और कहानी में ऐसे मोड़ आते हैं, जो दर्शकों के शक को बार-बार बदल देते हैं।
सीरीज की कहानी की खास बात यह है कि इसमें किसी एक किरदार पर आसानी से भरोसा नहीं किया जा सकता। हर कोई कुछ न कुछ छिपाता नजर आता है। यही बात दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखती है।
निर्देशन : रीमा माया ने वेब सीरीज की दुनिया में बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत की है। उन्होंने 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' जैसी लोकप्रिय फ्रेंचाइजी को एकदम अलग अंदाज में पेश करने की कोशिश की है। कॉलेज की पुरानी दुनिया को उन्होंने रहस्य और रोमांच के रंग में ढाला है। कहानी में सस्पेंस धीरे-धीरे बढ़ता है और हर एपिसोड के साथ दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ती जाती है। निर्देशन की यह खासियत है कि कहानी में एक गहरी रहस्यमयी दुनिया दिखाई देती है।
प्रोडक्शन और संगीत : सीरीज का प्रोडक्शन काफी शानदार है। कॉलेज के सेट, लोकेशन, कैमरे का काम और हर सीन की बारीकियों पर खास ध्यान दिया गया है। सेंट टेरेसा कॉलेज की दुनिया पर्दे पर काफी प्रभावशाली लगती है। इसकी डार्क थीम को ध्यान में रखते हुए विजुअल्स तैयार किए गए हैं, जो कहानी के माहौल को और बेहतर बनाते हैं।
नाइट सॉन्ग और शालोम बेंजामिन का ओरिजिनल बैकग्राउंड म्यूजिक भी जबरदस्त है। सस्पेंस से भरे सीन्स में संगीत तनाव और रोमांच को बढ़ाता है। कई ऐसे मौके आते हैं, जब बैकग्राउंड म्यूजिक की वजह से सीन का असर और गहरा हो जाता है।
अभिनय : शनाया कपूर इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत हैं। उन्होंने आयशा और अदिति, दोनों किरदारों को निभाया है। अदिति के किरदार में उनका आत्मविश्वास, भावनाएं और अपनी बहन की मौत का सच जानने की बेचैनी साफ नजर आते हैं। वह एक तरफ कमजोर और भावुक बहन दिखाई देती हैं, तो दूसरी तरफ सच तक पहुंचने के लिए किसी भी हद तक जाने का हौसला भी रखती हैं।
वहीं, दिविक शर्मा, अभिनव सिंह, मान्या ग्रोवर, दीया दामिनी और आदि मलिक ने भी अपने-अपने किरदारों के साथ कहानी को आगे बढ़ाया है। सभी कलाकारों के किरदारों में कुछ न कुछ रहस्य छिपा है, जिससे दर्शकों के लिए अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है कि आखिर सच किसके साथ है।
कहां रह गई कमी? : सीरीज ज्यादातर समय दर्शकों को बांधे रखती है, लेकिन कुछ सीन्स को छोटा किया जा सकता था। कुछ जगह कहानी थोड़ी खिंची हुई महसूस होती है। हालांकि, ये छोटी कमियां सीरीज के रोमांच को ज्यादा प्रभावित नहीं करतीं।
ओवरऑल : 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' पुरानी फ्रेंचाइजी को एक नए और डार्क अंदाज में पेश करने की अच्छी कोशिश है। इसमें कॉलेज ड्रामा के साथ रहस्य, सस्पेंस, दोस्ती, झूठ और कई चौंकाने वाले मोड़ देखने को मिलते हैं। शनाया कपूर का अभिनय सीरीज की सबसे बड़ी ताकत है। कहानी का हर एपिसोड अपने पीछे एक नया सवाल छोड़ जाता है और दर्शक अगले एपिसोड को देखने के लिए उत्सुक हो जाते हैं।
इस सीरीज की सबसे अच्छी बात यही है कि इसे देखते हुए एक एपिसोड के बाद रुकना मुश्किल हो जाता है। अगर आपको कॉलेज लाइफ, रहस्य, रोमांच और अप्रत्याशित मोड़ वाली कहानियां पसंद हैं, तो 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम
