भारत के 7 स्टार्टअप्स को मिलेंगे 30-30 लाख रुपए, साथ ही मिलेगा मेंटरशिप और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के 7 स्टार्टअप्स को उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) समर्थित फिक्की-मर्सिडीज-बेंज भारत इनोवेशन एंड बिजनेस आइडियाज चैलेंज प्रोग्राम के तहत फंडिंग के साथ-साथ संरचित मेंटरशिप और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य स्टार्टअप्स की तेजी से वृद्धि सुनिश्चित करना और उन्हें निवेश के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, देश भर से आए आवेदनों के बीच आयोजित इस राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में चयनित प्रत्येक स्टार्टअप को 30-30 लाख रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
कार्यक्रम के तहत आयोजित एक वर्चुअल संवाद में डीपीआईआईटी के अतिरिक्त सचिव अतीश कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम, जिनमें फंडिंग के साथ विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी शामिल हो, भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत बनाने और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी कंपनियां तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने फिक्की और मर्सिडीज-बेंज इंडिया को इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह पहल भारत के तेजी से विकसित हो रहे इनोवेशन इकोसिस्टम और देश के युवा उद्यमियों की अपार क्षमता को दर्शाती है।
सिंह ने कहा कि समय पर मिलने वाला मार्गदर्शन और सहयोग नवाचार करने वाले युवाओं को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप समाधान विकसित करने में मदद करता है। उनके अनुसार, इस तरह के साझेदारी आधारित प्रयास भारत को नवाचार-आधारित विकास की दिशा में आगे बढ़ाने और वैश्विक इनोवेशन लीडर बनाने के लिए बेहद आवश्यक हैं।
फंडिंग के बाद शुरू होने वाले मेंटरशिप कार्यक्रम के तहत चयनित स्टार्टअप्स को नियामकीय और कानूनी अनुपालन, टैक्सेशन, फंड के बेहतर उपयोग, फंड जुटाने की रणनीति, कंपनी का मूल्यांकन, टर्म शीट पर बातचीत, डेटा गोपनीयता, साइबर सुरक्षा और बौद्धिक संपदा (आईपी) संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलेगा।
इसके अलावा, कार्यक्रम के तहत विशेष 'डेमो डे' आयोजित किए जाएंगे, जहां ये स्टार्टअप्स अपने इनोवेशन, बिजनेस मॉडल और भविष्य की विकास योजनाओं को उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं, निवेशकों, मेंटर्स और अन्य विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत करेंगे, जिससे उन्हें नई साझेदारियां और निवेश के अवसर तलाशने में मदद मिलेगी।
चयनित स्टार्टअप्स को 'साउंडिंग बोर्ड प्रोग्राम' का भी हिस्सा बनाया जाएगा, जो एक रणनीतिक मेंटरशिप पहल है, जिसके जरिए उद्योग विशेषज्ञ और अनुभवी कारोबारी नेताओं से सलाह लेकर स्टार्टअप्स अपने बिजनेस मॉडल को और मजबूत बना सकेंगे तथा बाजार में तेजी से विस्तार की तैयारी कर पाएंगे।
फिक्की-मर्सिडीज-बेंज भारत इनोवेशन एंड बिजनेस आइडियाज चैलेंज की शुरुआत ऐसे भारतीय स्टार्टअप्स की पहचान और सहायता के लिए की गई थी, जो मैन्युफैक्चरिंग, सस्टेनेबिलिटी, शिक्षा, डीकार्बोनाइजेशन, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे क्षेत्रों में बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले नवाचार विकसित कर रहे हैं।
कई चरणों वाली मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद 32 स्टार्टअप्स को अपनी तकनीक और विचार जूरी के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इनमें से नवाचार, विस्तार की क्षमता, व्यावसायिक संभावनाओं और सामाजिक प्रभाव के आधार पर 7 स्टार्टअप्स का अंतिम चयन किया गया।
--आईएएनएस
डीबीपी
