वडनगर और वाराणसी में बुधवार को होगा भाजपा की 'सेवा संकल्प यात्रा' का भव्य समापन
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के चुने हुए प्रमुख के तौर पर 25 साल की जनसेवा के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा शुरू की गई 'सेवा संकल्प यात्रा' बुधवार को गुजरात के वडनगर और उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दो भव्य समापन समारोहों के साथ होगी।
भाजपा के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 17 सितंबर को शुरू हुआ यह अभियान देश के अलग-अलग हिस्सों में 'सेवा', 'संकल्प' और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश लेकर पहुंचा है। यह अभियान पीएम मोदी के जीवन और जनसेवा के सफर से प्रेरित है।
आखिरी दिन प्रधानमंत्री के जीवन और आध्यात्मिक विरासत से गहराई से जुड़े दो स्थानों पर हजारों 'सेवा यात्रियों', भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के कार्यकर्ताओं और युवा नागरिकों का जमावड़ा होगा। वाराणसी में 'सेवा यात्री' काशी विश्वनाथ मंदिर में 'जलाभिषेक' के साथ अपनी यात्रा का समापन करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और बीजेवाईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी इस सभा को संबोधित करेंगे। वे सार्वजनिक जीवन में 'सेवा' के महत्व पर प्रकाश डालेंगे और पिछले 25 वर्षों में पीएम मोदी की जन-सेवा यात्रा के बारे में बात करेंगे।
वडनगर में 'सेवा संकल्प यात्रा' का समापन 'सेवा यात्रियों' द्वारा हटकेश्वर महादेव मंदिर में 'जलाभिषेक' के साथ होगा। यह मंदिर पीएम मोदी के जीवन में बहुत अहमियत रखता है।
वडनगर में होने वाले इस कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और भाजपा के सभी सेल के कोऑर्डिनेटर वीडी शर्मा संबोधित करेंगे।
एक साथ होने वाले ये दो समापन कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी की उस यात्रा का प्रतीक होंगे, जो वडनगर से शुरू होकर वाराणसी तक का सफर पूरा करती है। पीएम मोदी का जन्म और पालन-पोषण वडनगर (गुजरात) में हुआ था, जबकि वाराणसी उनका लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र है।
बयान में कहा गया है कि 'सेवा संकल्प यात्रा' का मकसद पीएम मोदी के 25 साल के जनसेवा के जश्न को 'सेवा' के एक जन-आंदोलन में बदलना है। इसके जरिए युवाओं को सफाई अभियान, पेड़ लगाने, जल संरक्षण, गौ-सेवा, वृद्धाश्रमों में सेवा, लाभार्थियों से बातचीत और दूसरी सामाजिक पहलों के जरिए समाज में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
