Aapka Rajasthan

सीएएस में सफल अपील के बाद सेनेगल को फिर मिला 'एएफसीओएन 2025' चैंपियन का दर्जा

नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (सीएएस) ने अफ्रीकी फुटबॉल महासंघ (सीएएफ) के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसमें सेनेगल से एएफसीओएन 2025 का खिताब लेकर मोरक्को को दे दिया गया था। सीएएस के नए फैसले के बाद सेनेगल को फिर से एएफसीओएन 2025 का आधिकारिक चैंपियन मान लिया गया है।
 

नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (सीएएस) ने अफ्रीकी फुटबॉल महासंघ (सीएएफ) के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसमें सेनेगल से एएफसीओएन 2025 का खिताब लेकर मोरक्को को दे दिया गया था। सीएएस के नए फैसले के बाद सेनेगल को फिर से एएफसीओएन 2025 का आधिकारिक चैंपियन मान लिया गया है।

टूर्नामेंट के फाइनल से जुड़े विवाद में एक बड़ा मोड़ आया है। सीएएस ने सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन (एफएसएफ) द्वारा सीएएफ और रॉयल मोरक्कन फुटबॉल फेडरेशन (एफआरएमएफ) के खिलाफ दायर की गई अपील को सही ठहराया है। इसके साथ ही, जनवरी में हुए फाइनल में सेनेगल की 1-0 की मूल जीत पर मुहर लग गई है।

इस फैसले ने सीएएफ अपील बोर्ड के निर्णय को रद्द कर दिया है और सीएएफ डिसिप्लिनरी बोर्ड (अनुशासनात्मक बोर्ड) के पुराने फैसले को बहाल कर दिया है। नतीजतन, सेनेगल आधिकारिक तौर पर उस खिताब को अपने पास रखने में सफल रहा है, जिसे उसने मैदान पर जीता था।

सीएएस ने एक बयान में कहा, "कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (सीएएस) ने अफ्रीका कप ऑफ नेशंस (एएफसीओएन 2025) के फाइनल को लेकर सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन (एफएसएफ) की उस अपील को स्वीकार कर लिया है, जो उसने कॉन्फेडरेशन ऑफ अफ्रीकन फुटबॉल (सीएएफ) और रॉयल मोरक्कन फुटबॉल फेडरेशन (एफआरएमएफ) के खिलाफ दायर की थी। सीएएफ अपील बोर्ड के फैसले को रद्द कर दिया गया है और सीएएफ डिसिप्लिनरी बोर्ड के फैसले को बहाल कर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप, एएफसीओएन 2025 के फाइनल का परिणाम (सेनेगल के पक्ष में 1-0) बरकरार रहेगा।"

यह विवाद जनवरी में खेले गए फाइनल मैच से जुड़ा है, जिसमें सेनेगल ने मेजबान मोरक्को को एक्स्ट्रा टाइम के बाद 1-0 से हराया था। हालांकि, मैच के दौरान एक नाटकीय घटना घटी थी। दूसरे छोर पर एक गोल को अमान्य करार दिए जाने के बाद, मोरक्को को पेनाल्टी दी गई, जिसके विरोध में सेनेगल के खिलाड़ी मैदान से बाहर चले गए थे।

इस विरोध के कारण मैच लगभग 15 मिनट तक रुका रहा, जिसके बाद सेनेगल के खिलाड़ी वापस मैदान पर लौटे और खेल जारी रखा। इसके बाद मोरक्को को पेनाल्टी लेने का मौका मिला, लेकिन ब्राहिम डियाज गोल करने में असफल रहे। मुकाबला आखिरकार एक्स्ट्रा टाइम में चला गया, जहां 94वें मिनट में पापे गुये ने गोल करके सेनेगल को निर्णायक बढ़त दिला दी और उनकी एएफसीओएन जीत पक्की कर दी।

मार्च में मामला तब एक नया मोड़ ले गया, जब सीएएफ के अपील बोर्ड ने शुरुआती फैसले को पलट दिया और कहा कि खिलाड़ियों के मैदान छोड़ने के फैसले के कारण सेनेगल ने फाइनल गंवा दिया है। इसके परिणामस्वरूप मोरक्को को 3-0 से विजेता घोषित कर दिया गया।

सेनेगल ने सीएएस में इस फैसले को चुनौती दी, इसे अन्यायपूर्ण बताया और फाइनल के मूल परिणाम को बहाल करने की मांग की। ताजा फैसले के साथ ही टूर्नामेंट के खिताब को लेकर चल रहा विवाद खत्म हो गया है। सीएएस ने सेनेगल को 2025 अफ्रीका कप ऑफ नेशंस का असली विजेता घोषित किया है।

--आईएएनएस

आरएसजी