हूती हमलों के जवाब में सऊदी गठबंधन का सैन्य अभियान, तीन बैलिस्टिक मिसाइलें मार गिराने का दावा
रियाद, 29 नवंबर (आईएएनएस)। यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने रविवार को कहा कि वह हूती विद्रोहियों द्वारा नागरिकों और नागरिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने के जवाब में सैन्य अभियान चला रहा है। गठबंधन ने दावा किया कि उसने हूतियों की ओर से सऊदी अरब की तरफ दागी गई तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच रास्ते में नष्ट कर दिया।
उसने जोर देकर कहा कि यमन का दक्षिणी शहर अदन उसके लिए रेड लाइन है और इसकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयानों में गठबंधन ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों और राजधानी रियाद की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया। पूर्वी प्रांत में मिसाइलों को नष्ट किए जाने के बाद गिरे मलबे से किसी भी नागरिक के घायल होने की सूचना नहीं है।
गठबंधन ने बताया कि यमन के उत्तरी सादा प्रांत में एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चिंग प्लेटफॉर्म को भी नष्ट कर दिया गया। उसका कहना है कि इसी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल हूती लड़ाके सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी जाजान क्षेत्र पर हमले के लिए कर रहे थे।
एक अन्य बयान में गठबंधन की संयुक्त सेना कमान ने यमन के पश्चिमी होदेइदाह प्रांत में स्थित रस ईसा बंदरगाह के आसपास रहने वाले लोगों से वहां से सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की।
स्थानीय सूत्रों के हवाले से सऊदी अरब के अल अरबिया ब्रेकिंग न्यूज ने 'एक्स' पर बताया कि बंदरगाह पर कम से कम तीन हवाई हमले किए गए, जिनमें जहाजों के ठहरने वाले हिस्सों को निशाना बनाया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, गठबंधन के एक प्रवक्ता ने कहा कि अदन शहर उनकी रेड लाइन बना रहेगा और उसकी सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सऊदी अरब अपनी रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम है और उसके पास इंटरसेप्टर मिसाइलों की कोई कमी नहीं है।
इससे पहले शनिवार शाम गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मालिकी ने कहा था कि गठबंधन ने एक सैन्य अभियान चलाकर उन महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया है, जिनका इस्तेमाल हूती लड़ाके यमन और सऊदी अरब में नागरिकों और नागरिक सुविधाओं पर हमले करने के लिए कर रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि हूती समूह दक्षिणी लाल सागर और बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट में समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता के लिए खतरा पैदा कर रहा है। हालांकि, गठबंधन ने यमन में की गई सैन्य कार्रवाई के दौरान हुए नुकसान या किसी के हताहत होने के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी
