Aapka Rajasthan

मैं असल जिंदगी में 'कप्तान' के किरदार समरदीप जैसा, जो हीरो बनने की कोशिश नहीं करता : साकिब सलीम

मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। आजकल वेब सीरीज और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऐसे किरदार ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं, जो असली जिंदगी के करीब लगते हैं। ऐसे ही एक दिलचस्प किरदार के साथ अभिनेता साकिब सली दर्शकों के सामने आ रहे हैं। अपने नए शो 'कप्तान' में वह एसएसपी समरदीप का रोल निभा रहे हैं, जो एक अलग सोच वाला पुलिस अफसर है। इस किरदार की खास बात यह है कि वह खुद को हीरो साबित करने की कोशिश नहीं करता बल्कि अपने तरीके से काम करता है।
 
किरदार के बारे में बात करते हुए साकिब सलीम ने कहा, ''मुझे इस किरदार में सबसे खास बात यही लगी कि समरदीप किसी से तारीफ पाने की इच्छा नहीं रखता। वह ऐसा इंसान है जो चुपचाप अपना काम करता है। असल जिंदगी में मैं भी ऐसा ही हूं। मैं भी कम बोलता हूं। ज्यादातर काम एक्सप्रेशन से ही करना पसंद करता हूं।''

उन्होंने कहा, ''यह किरदार सिर्फ सिस्टम को सुधारने के लिए काम नहीं करता बल्कि इसके पीछे एक निजी वजह है। समरदीप के अंदर कुछ ऐसा है जो टूटा हुआ है और वही उसे आगे बढ़ने के लिए मजबूर करता है। यही इमोशनल पहलू इस किरदार को और भी मजबूत और दिलचस्प बनाता है। एक एक्टर के तौर पर ऐसे रोल को निभाना ज्यादा चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि इसमें सिर्फ एक्शन या डायलॉग नहीं, बल्कि भावनाओं की गहराई भी दिखानी होती है।''

इस शो 'कप्तान' में साकिब सलीम के साथ सिद्धार्थ निगम भी मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा अंजुम शर्मा, कविता कौशिक, पूजा गौर और अनुष्का कौशिक जैसे कलाकार भी इस सीरीज का हिस्सा हैं। इस शो का निर्देशन जतिन वागले ने किया है।

कहानी की बात करें तो 'कप्तान' एक ऐसे पुलिस अफसर की कहानी है, जो अपने नियम खुद बनाता है। वह सिस्टम के अंदर रहकर भी अपने तरीके से काम करता है। इस शो में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि न्याय हमेशा सही या गलत नहीं होता बल्कि कई बार वह बीच के रास्ते में कहीं छिपा होता है।

साकिब सलीम ने अपनी को-स्टार पूजा गौर के साथ काम करने के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने कहा, ''पूजा एक बहुत ही समझदार और शांत स्वभाव की अभिनेत्री हैं। वह सेट पर सकारात्मक माहौल बनाए रखती हैं। पूजा का इतना सुलझा हुआ होना कभी-कभी हमें चौंका देता है। शो में मेरे और पूजा के किरदार का रिश्ता काफी जटिल है। इस रिश्ते को सही तरीके से दिखाने के लिए हमने शूटिंग के दौरान काफी बातचीत की। किरदारों के पीछे की कहानी, अनकहे भाव और सोच को समझने की कोशिश की, जिससे अभिनय में और गहराई आई।''

'कप्तान' अब अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हो रही है।

--आईएएनएस

पीके/पीएम