Aapka Rajasthan

सज्जन सिंह यादव जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव नियुक्त

जम्मू, 18 नवंबर (आईएएनएस)। एजीएमयूटी कैडर के 1995 बैच के आईएएस अधिकारी सज्जन सिंह यादव ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया।
 

जम्मू, 18 नवंबर (आईएएनएस)। एजीएमयूटी कैडर के 1995 बैच के आईएएस अधिकारी सज्जन सिंह यादव ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया।

यादव को केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) द्वारा जम्मू-कश्मीर का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। पदभार संभालने पर, यहां सिविल सचिवालय में केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के वरिष्ठ प्रशासनिक सचिवों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

उनके पास लोक प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, स्वास्थ्य, पोषण और विकास नीति के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है।

रिकॉर्ड के अनुसार, सज्जन सिंह यादव का मूल राज्य हरियाणा है।

अपनी 31 साल की सेवा के दौरान, सज्जन सिंह यादव ने 17 अलग-अलग स्थानों पर 23 पदों पर काम किया है।

इससे पहले वे अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्त/व्यय), संयुक्त सचिव (वित्त/व्यय), और महिला एवं बाल विकास विभाग में संयुक्त सचिव जैसे पदों पर रह चुके हैं।

यह आईएएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी काम कर चुके हैं।

उनके शैक्षणिक रिकॉर्ड के अनुसार, उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के 'फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज' से एमबीए किया है।

अपनी सेवा के दौरान, इस आईएएस अधिकारी ने नौ प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरे किए हैं।

वे अतीत में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं और अपनी प्रशासनिक सूझबूझ तथा परिणाम-केंद्रित कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।

अधिकारियों का कहना है कि अपने व्यापक अनुभव के साथ, यादव जम्मू-कश्मीर में शासन, विकास और जनसेवा वितरण को और गति देंगे।

यह नियुक्ति जम्मू-कश्मीर में एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव है, जिसके तहत एजीएयूटी कैडर के एक वरिष्ठ अधिकारी को इस केंद्र शासित प्रदेश की नौकरशाही की कमान सौंपी गई है।

जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव के रूप में, यादव प्रशासन के कामकाज में तालमेल बिठाने, सरकारी नीतियों के क्रियान्वयन की निगरानी करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने 1989 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईएएस अधिकारी अटल डुलू की जगह ली है, जो इस साल 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हुए।

दिल्ली में अपने कामों में व्यस्त रहने के कारण, सज्जन सिंह यादव डुलू के सेवानिवृत्त होने पर तुरंत पदभार नहीं संभाल सके। इसलिए, बुधवार को नए मुख्य सचिव के कार्यभार संभालने तक, 1995 बैच के एजीएयूटी कैडर के आईएएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार को जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का प्रभार सौंपा गया था।

--आईएएनएस

एमएस/