Aapka Rajasthan

रणवीर सिंह को सचिन तेंदुलकर ने दिया खास ऑफर, बोले- 'मेरे लिए गेंदबाजी करो'

मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता रणवीर सिंह अपनी शानदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। फिल्म '83' में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान कपिल देव का किरदार निभाकर उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया था। अब क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भी रणवीर की इस अदाकारी के मुरीद हो गए हैं।
 

मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता रणवीर सिंह अपनी शानदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। फिल्म '83' में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान कपिल देव का किरदार निभाकर उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया था। अब क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भी रणवीर की इस अदाकारी के मुरीद हो गए हैं।

मुंबई में आयोजित ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 के दौरान दोनों की मुलाकात हुई, जहां सचिन ने रणवीर की तारीफ करते हुए कुछ ऐसा कहा कि अभिनेता भी खुशी से झूम उठे।

दरअसल, कार्यक्रम के दौरान रणवीर ने सचिन से एक दिलचस्प सवाल पूछा। उन्होंने कहा, ''अगर हम दोनों अपनी भूमिकाएं बदल लें, तो आपके हिसाब से कौन अच्छा क्रिकेटर बनेगा और कौन अच्छा अभिनेता?''

रणवीर के इस सवाल पर सचिन ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, ''यह तो गुगली हो गई। फिल्म में आप तेज गेंदबाजी कर रहे थे, है ना? लेकिन मैं मज़ाक नहीं कर रहा हूं। आपने अपना किरदार बिल्कुल सही तरीके से निभाया था।''

इसके बाद सचिन 1983 के क्रिकेट वर्ल्ड कप की यादों में खो गए। उन्होंने बताया कि रणवीर को कपिल देव के किरदार में देखकर उन्हें ऐसा लगा, जैसे वह सचमुच क्रिकेट के मैदान पर खेल रहे हों। सचिन ने कहा, ''हम कपिल पाजी को खेलते हुए देखकर बड़े हुए हैं। मैं कह सकता हूं कि आप एक अच्छे क्रिकेटर बन सकते हैं, क्योंकि मैं 1983 वर्ल्ड कप की बात कर रहा हूं, जहां से सब कुछ शुरू हुआ था। वहीं से मेरा सफर भी शुरू हुआ था। इसलिए मुझे लगता है कि यह काम आप कर सकते हैं।''

सचिन की इस तारीफ से रणवीर काफी खुश नजर आए। सचिन ने उन्हें क्रिकेट के मैदान पर आने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा, ''कभी ग्राउंड पर आओ और मेरे लिए गेंदबाजी करो।''

वहीं, रणवीर के सवाल के दूसरे हिस्से का जवाब देते हुए सचिन ने क्रिकेटरों और एक्टिंग के बीच भी दिलचस्प रिश्ता बताया। उन्होंने मज़ाकिया अंदाज में कहा कि क्रिकेटर मैदान पर भी कई बार एक्टिंग करते हैं। इसके अलावा कई क्रिकेटर फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। इस दौरान उन्होंने हरभजन सिंह, एस. श्रीसंत और इरफान पठान का जिक्र किया।

बता दें कि फिल्म '83' साल 2021 में रिलीज हुई थी। कबीर खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह ने कपिल देव की भूमिका निभाई थी, जबकि दीपिका पादुकोण ने उनकी पत्नी रोमी देव का किरदार निभाया था। फिल्म की कहानी भारतीय क्रिकेट टीम की 1983 में पहली बार क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने की ऐतिहासिक घटना पर आधारित थी। इस फिल्म को दीपिका पादुकोण, कबीर खान, विष्णु वर्धन इंदुरी और साजिद नाडियाडवाला ने मिलकर प्रोड्यूस किया था।

--आईएएनएस

पीके/एएस