Aapka Rajasthan

वार्ता के जरिए समाधान निकालने को अमेर‍िका तैयार, फ‍िलहाल ईरान की मांगों के चलते बातचीत में प्रगति नहीं: रुबियो

वाशिंगटन, 9 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान के साथ चल रही कूटनीतिक बातचीत में अभी तक कोई बड़ी प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने ईरान की मांगों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। साथ ही कहा कि अगर बातचीत के जरिए समाधान निकलने की संभावना बनती है, तो अमेरिका उस रास्ते को तलाशने के लिए तैयार रहेगा।
 

वाशिंगटन, 9 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान के साथ चल रही कूटनीतिक बातचीत में अभी तक कोई बड़ी प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने ईरान की मांगों को इसके ल‍िए जिम्मेदार ठहराया। साथ ही कहा कि अगर बातचीत के जरिए समाधान निकलने की संभावना बनती है, तो अमेरिका उस रास्ते को तलाशने के लिए तैयार रहेगा।

फ्लोरिडा के होमस्टेड एयर रिजर्व बेस पर पत्रकारों से बात करते हुए, फ्रांस में होने वाली जी-7 विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए रवाना होने से पहले रुबियो ने कहा कि एक सप्ताह पहले की तुलना में अब उनकी राय ज्यादा स्पष्ट है। उन्होंने कहा, "मेरे पास आपको बताने के लिए किसी तरह की प्रगति नहीं है।"

रुबियो ने कहा कि कई देश अलग-अलग प्रस्तावों के साथ ईरान के संपर्क में हैं, लेकिन फिलहाल यह नहीं कहा जा सकता कि कोई बड़ा समझौता होने वाला है। उन्होंने कहा, "मैं यह नहीं कहूंगा कि हम किसी बड़ी सफलता या समझौते के बिल्कुल करीब हैं।"

रुबियो के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हमेशा कोशिश करते हैं कि विवादों और समस्याओं का समाधान पहले कूटनीति और बातचीत के जरिए निकाला जाए। उन्होंने कहा क‍ि राष्ट्रपति हर समस्या का समाधान संभव होने पर कूटनीतिक तरीके से करना पसंद करते हैं। दुर्भाग्य से कई बार यह संभव नहीं होता, लेकिन अगर मौका मिलेगा तो हम जरूर उसे तलाशेंगे।

रुबियो ने ईरान की बातचीत से जुड़ी मांगों की आलोचना की। उन्होंने कहा, "अभी तक बातचीत ज्यादा उपयोगी साबित नहीं हुई है, क्योंकि ईरान की मांगें सिर्फ अस्वीकार्य ही नहीं हैं, बल्कि कुछ मामलों में बेहद अतार्किक, अवास्तविक और हैरान करने वाली हैं।"

31 अक्टूबर को अटलांटा में जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान भी रुबियो ने कहा था कि ईरान के साथ बातचीत कभी रुकी नहीं, लेकिन उन्होंने उस समय बातचीत की प्रगति या समयसीमा पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने केवल इतना कहा था कि अमेरिका कूटनीतिक समाधान के लिए खुला है।

रविवार को रुबियो ने कहा कि ईरान के संभावित परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका लंबे समय से चिंतित रहा है। उनके अनुसार, यह मुद्दा केवल मध्य पूर्व या इजराइल तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया और अमेरिका की सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने कहा क‍ि मुझे लगता है कि पहले दोनों राजनीतिक दल इस बात पर सहमत थे कि परमाणु हथियारों से लैस ईरान अमेरिका, मध्य पूर्व और पूरी दुनिया के लिए खतरनाक होगा।

रुबियो ने दावा किया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने ऐसे मुद्दे पर कदम उठाया है, जिस पर कई पिछले राष्ट्रपति प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पाए थे।उन्होंने कहा क‍ि कई बार सही काम करना आसान नहीं होता। यह लोकप्रिय हो या न हो, लेकिन जरूरी हो सकता है। राष्ट्रपति कठिन और जरूरी फैसले लेने के लिए चुने जाते हैं।

ईरान से जुड़े संभावित सैन्य कदमों के बारे में पूछे जाने पर रुबियो ने कहा कि अमेरिका केवल अपनी सुरक्षा के लिए कार्रवाई करता है और उन्होंने किसी नए सैन्य हमले की घोषणा नहीं की। उन्होंने कहा क‍ि अगर क्षेत्र में हमारी सेनाओं को खतरा होता है तो हम कार्रवाई करेंगे। अगर समुद्री जहाजरानी को खतरा होता है, तो उसकी रक्षा भी करेंगे। हमें अपनी सुरक्षा का अधिकार है।

रुबियो ने कहा कि अमेरिका का कोई भी कदम खतरे के स्तर पर निर्भर करेगा और इस बात पर कि अमेरिकी हितों या सैनिकों को कितना जोखिम है। वहीं, अमेरिकी चुनाव परिणामों पर सवाल पूछे जाने पर रुबियो ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री के रूप में उनकी भूमिका घरेलू राजनीति से दूर रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी