Aapka Rajasthan

राज्यसभा चुनाव: बिहार की सभी सीटों पर जीत को लेकर एनडीए उत्साहित, महागठबंधन ने कहा- एक सीट होगी हमारी

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। राज्यसभा चुनावों में अब सिर्फ एक दिन बचा है, ऐसे में सभी दलों के नेता अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
 
राज्यसभा चुनाव: बिहार की सभी सीटों पर जीत को लेकर एनडीए उत्साहित, महागठबंधन ने कहा- एक सीट होगी हमारी

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। राज्यसभा चुनावों में अब सिर्फ एक दिन बचा है, ऐसे में सभी दलों के नेता अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

इसी बीच, बिहार विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नरेंद्र नारायण यादव एनडीए की जीत को लेकर आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि एनडीए सभी पांच सीटें जीतेगा, इतना भरोसा तो रखना ही चाहिए।

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन में राज्यसभा चुनाव जीतने की पूरी क्षमता है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन और हमारे महागठबंधन में जीत के लिए अपनी रणनीति बनाने की पूरी क्षमता है। भाजपा या जदयू आपस में मिलें या गठबंधन करें, यह उन्हें तय करना है। लेकिन, हमें पूरा भरोसा है कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में हम अपने उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करेंगे।

बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा नेता राम कृपाल यादव ने कहा कि राजद चुनाव हारेगी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव टिकने वाले नहीं हैं, वे नीचे गिरेंगे। उनके वोट भी हमारे पास ही आने वाले हैं। राष्ट्रीय जनता दल में रहकर कौन अपने भविष्य को अंधेरे की ओर ले जाना चाहेगा? जो भी अपना भविष्य सुरक्षित करना चाहता है और राजनीति में बने रहना चाहता है, वह हमारे साथ जुड़ रहा है।

बिहार में चौथी राज्यसभा सीट के लिए चल रही लड़ाई पर रोशनी डालते हुए राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने आईएएनएस से ​​कहा, "हम यह मानने को तैयार हैं कि चार सीटें एनडीए के पास जाएंगी, लेकिन पांचवीं सीट पक्का महागठबंधन, यानी इंडिया ब्लॉक के पास ही जाएगी, यह बात तय है।"

गौरतलब है कि राज्यसभा चुनावों से पहले, तमाम पार्टियां अपने विधायकों के साथ बैठकें कर रही हैं। इस संबंध में जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, "चूंकि यह राज्यसभा का द्विवार्षिक चुनाव है, इसलिए स्वाभाविक रूप से हमारी अलग-अलग घटक पार्टियों की सामूहिक बैठकें हो रही हैं। इन बैठकों के दौरान जिम्मेदारियां भी सौंपी जा रही हैं, जैसे कि वोटिंग कैसे होगी और उसका क्या तरीका रहेगा। यहां विधायकों की भूमिका सबसे अहम है, न कि विधान परिषद की। हम इस बैठक में अपना समर्थन दिखाने के लिए आए हैं।"

आपको बताते चलें, 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों को भरने के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनावों की वोटिंग सोमवार को होनी है। इन राज्यों में महाराष्ट्र (7), तमिलनाडु (6), बिहार (5), पश्चिम बंगाल (5), ओडिशा (4), असम (3), तेलंगाना (2), छत्तीसगढ़ (2), हरियाणा (2) और हिमाचल प्रदेश (1) शामिल हैं।

--आईएएनएस

पीएसके