Aapka Rajasthan

मनसुख मांडविया का मल्लिकार्जुन खड़गे पर तंज, कहा-6 करोड़ गुजरातियों का अपमान बर्दाश्त नहीं

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर गुजरात के प्रति "नकारात्मक मानसिकता" रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि खड़गे का यह बयान उनकी सोच को दिखाता है।
 
मनसुख मांडविया का मल्लिकार्जुन खड़गे पर तंज, कहा-6 करोड़ गुजरातियों का अपमान बर्दाश्त नहीं

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर गुजरात के प्रति "नकारात्मक मानसिकता" रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि खड़गे का यह बयान उनकी सोच को दिखाता है।

मनसुख मांडविया ने कहा, "कांग्रेस पार्टी की गुजरात और गुजरातियों के प्रति नकारात्मक मानसिकता कोई नई बात नहीं है। चाहे वह सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को नजरअंदाज करने का प्रयास हो या नर्मदा बांध परियोजना को रोककर राज्य के विकास में बाधा डालना, कांग्रेस ने हमेशा गुजरात के हितों के खिलाफ काम किया है।"

मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणियों का सीधा जिक्र करते हुए उन्होंने आगे कहा, "खड़गे द्वारा दिया गया हालिया बयान भी इसी सोच को दर्शाता है, जो कांग्रेस के भीतर गुजरात के प्रति मौजूद कड़वाहट और दुर्भावना को उजागर करता है।"

वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इन टिप्पणियों को "अत्यंत आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण" बताया।

भूपेंद्र पटेल ने कहा, "कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा गुजरात की जनता के बारे में दिया गया बयान अत्यंत आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।"

उन्होंने कहा, "इस तरह की टिप्पणियां न केवल छह करोड़ गुजरातियों का अपमान करती हैं बल्कि महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल की पवित्र भूमि की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती हैं।"

उन्होंने कहा, "गुजरात ने राष्ट्र निर्माण, विकास और एकता में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है और आगे भी निभाता रहेगा। इस तरह के बयान कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाते हैं।"

मुख्यमंत्री पटेल ने कहा, "यह टिप्पणी स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की राजनीति और उसे मिल रहे व्यापक जनसमर्थन के कारण कांग्रेस कितनी असहज और असुरक्षित महसूस कर रही है।"

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी खड़गे की आलोचना करते हुए कहा, "कांग्रेस को गुजरात से इतनी नफरत क्यों है? आप बार-बार गुजरात के लोगों को क्यों निशाना बनाते हैं?"

इन टिप्पणियों को अपमानजनक बताते हुए उन्होंने कहा, "छह करोड़ गुजरातियों का अपमान? क्या यह इसलिए बदला है क्योंकि गुजरात की जनता ने आपको सत्ता से बाहर कर दिया?"

बता दें कि केरल विधानसभा चुनाव से पहले इडुक्की में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि केरल के लोगों को गुमराह मत कीजिए। वे बहुत समझदार और शिक्षित हैं। मोदी और विजयन, आप दोनों गुजरात या अन्य जगहों के निरक्षर लोगों को मूर्ख बना सकते हैं लेकिन केरल के लोगों को मूर्ख नहीं बना सकते।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम