रोमानिया ने लगातार तीसरे दिन बिना अनुमति घुसे ड्रोन को मार गिराया, राष्ट्रपति डैन ने रूस की हरकतों की आलोचना की
बुखारेस्ट, 26 जुलाई (आईएएनएस)। रोमानियाई वायु सेना के पायलटों ने बिना अनुमति रोमानिया के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए तीसरे ड्रोन को भी मार गिराया है।
रोमानिया के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस ड्रोन को 'सुलीना' से लगभग 12 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में, रोमानिया के समुद्री क्षेत्र के अंदर सुरक्षित तरीके से मार गिराया गया।
रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने पायलटों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद पेशेवर तरीके से अपना काम किया। साथ ही उन्होंने रूस की इस हरकत को 'अस्वीकार्य और बिल्कुल बर्दाश्त न किए जाने लायक' बताया, क्योंकि उसने रोमानिया के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है।
राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "रविवार सुबह 10:13 बजे रोमानियाई वायु सेना के एक एफ-16 विमान ने सुलीना-चिलिया इलाके में, रोमानिया के समुद्री क्षेत्र के ऊपर एक और ड्रोन को मार गिराया। मैं हमारे पायलटों और जमीन पर मौजूद टीमों को उनकी पेशेवर क्षमता, बहादुरी और तेजी से कार्रवाई करने के लिए बधाई देता हूं। उनके प्रयास देश की सीमा की रक्षा और रोमानिया के नागरिकों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं।"
रोमानिया के जनरल प्रॉसिक्यूटर कार्यालय की जांच के मुताबिक, शुक्रवार सुबह गिराया गया ड्रोन 'शहेद' मॉडल का था, जिसका इस्तेमाल रूस यूक्रेन पर हमलों में करता है। शनिवार और रविवार को गिराए गए ड्रोन की जांच अभी जारी है।
राष्ट्रपति डैन ने कहा, "रूस के खिलाफ रोमानिया की आधिकारिक कूटनीतिक आपत्ति इन जांच रिपोर्टों के आधार पर तैयार की जाएगी।"
उन्होंने कहा, "यह बिल्कुल अस्वीकार्य और बर्दाश्त के बाहर है कि रूस बार-बार रोमानिया के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन कर रहा है। यह सिर्फ रोमानिया का ही नहीं, बल्कि नाटो और यूरोपीय संघ (ईयू) का भी हवाई क्षेत्र है। ऐसी हरकतें किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जा सकतीं और हम अपने सहयोगी देशों के साथ मिलकर इसे पूरी गंभीरता से ले रहे हैं।"
शनिवार को भी रोमानिया के हवाई क्षेत्र में घुसे एक ड्रोन को देश के मध्य हिस्से में स्थित स्फंटू घेओर्घे से लगभग दस किलोमीटर पश्चिम में मार गिराया गया था।
रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसके रडार सिस्टम ने एक ऐसे ड्रोन का पता लगाया था, जिसने बिना अनुमति देश के पूर्वी हिस्से के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया और यूक्रेन की सीमा के पास उड़ रहा था।
मंत्रालय ने कहा, "रोमानियाई वायु सेना के दो एफ-16 फाइटिंग फाल्कन विमानों ने ड्रोन को रोका और पहचान तथा उसे निष्क्रिय करने की तय प्रक्रिया अपनाई। इसके बाद ड्रोन को सीमा के पास एक सुनसान इलाके में सुरक्षित तरीके से मार गिराया गया।"
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
